DRDO की ऐतिहासिक उपलब्धि: लद्दाख के न्योमा में 16,000 फीट पर एडवांस्ड हाई-एल्टीट्यूड पैराशूट का पहला लाइव जंप सफल
समुद्र तल से 13,700 फीट ऊंचे न्योमा ड्रॉप जोन में एएचएपी पैराशूट की टेस्टिंग सफल, हाई-एल्टीट्यूड वॉरफेयर में भारतीय सेना को मिलेगी बड़ी ताकत है। यह छलांग 16,000 फीट की ऊंचाई से लगाई गई थी, पैराशूट 15,500 फीट पर खुला और लैंडिंग 13,700 फीट पर हुई।
Publish Date: 7 Oct 2026, 11:34 AM (IST)Reading Time: 2 Minute Read
लद्दाख में 16,000 फीट पर एडवांस्ड हाई-एल्टीट्यूड पैराशूट का पहला लाइव जंप सफल
नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने सबसे ऊंचे मिलिट्री पैराशूट ड्रॉप जोन, न्योमा (मुध DZ) में एडवांस्ड हाई-एल्टीट्यूड पैराशूट (AHAP) का पहला लाइव जंप सफलतापूर्वक पूरा किया है। AHAP एक स्टैटिक लाइन पैराशूट सिस्टम है, जिसे पैराट्रूपर्स के ग्रुप ड्रॉप के लिए डिजाइन किया गया है। यह जंप समुद्र तल से 16,000 फीट की ऊंचाई से किया गया था। पैराशूट 15,500 फीट की ऊंचाई पर खोला गया और लैंडिंग 13,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित न्योमा (मुध DZ) में हुई।
यहां है अपग्रेडेड एयरफोर्स स्टेशन
न्योमा (मुध DZ) लद्दाख के लेह/चांगथांग जिले में स्थित एक हाई-एल्टीट्यूड मिलिट्री ड्रॉप जोन और नया अपग्रेडेड एयरफोर्स स्टेशन है। इस सफल जंप ने अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में AHAP पैराशूट की प्रभावशीलता और टैक्टिकल उपयोगिता को साबित कर दिया है।
कई तरह के मोड ऑफर करता है
AHAP कई तरह के डिप्लॉयमेंट मोड ऑफर करता है। इसकी ऑपरेशनल ऊंचाई रेंज बहुत ज्यादा है जो 18,000 फीट तक जाती है और इसकी डिसेंट रेट सबसे सुरक्षित है। इसे खासतौर पर हाई-एल्टीट्यूड इलाकों में भारतीय सशस्त्र बलों की सामरिक जरूरतों के लिए बहुत उपयुक्त है। इतनी अधिक ऊंचाई पर स्टैटिक लाइन पैराशूट से जंप करना जटिल और जोखिम भरा होता है, क्योंकि पैराशूट खुलने पर बहुत तेज झटका लगता है और नीचे आने की गति भी बहुत तेज होती है।
आगरा और कानपुर की फैक्ट्रियों में डिजाइन-तैयार
आगरा स्थित एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (ADRDE) द्वारा डिजाइन और डेवलप की गई इस प्रणाली का निर्माण कानपुर स्थित ऑर्डनेंस पैराशूट फैक्ट्री (OPF) में किया गया है। इसका इंस्पेक्शन DGAQA द्वारा किया गया है और CEMILAC, RCMA कानपुर द्वारा इसे सर्टिफाई किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वदेशी एएचएपी पैराशूट सिस्टम की पहली लाइव जंप की सफलता पर DRDO, सशस्त्र बलों, DPSU और इंडस्ट्री पार्टनर्स को बधाई दी। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Posts