Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पुतिन पागल हो गए हैं, मिसाइलें बरसा रहे हैं... यूक्रेन पर रूसी एयरस्ट्राइक से भड़के ट्रंप, कीव समेत कई शहर तबाह

Follow on Google News
पुतिन पागल हो गए हैं, मिसाइलें बरसा रहे हैं... यूक्रेन पर रूसी एयरस्ट्राइक से भड़के ट्रंप, कीव समेत कई शहर तबाह
वॉशिंगटन DC। यूक्रेन पर रूस के अब तक के सबसे बड़े हवाई हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई है। ट्रंप, जो पहले पुतिन की तारीफें करते थे, अब सख्त तेवर में नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि, मुझे नहीं पता पुतिन को क्या हो गया है।

रूस ने कीव समेत कई शहर किए तबाह

शनिवार रात रूस ने यूक्रेन पर 367 हथियारों से हमला किया, जिसमें 298 ड्रोन, 60 क्रूज मिसाइलें और 9 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। यह रूस की ओर से अब तक का सबसे बड़ा एयरस्ट्राइक बताया जा रहा है। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि उन्होंने 266 ड्रोन और 45 मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन इसके बावजूद कीव समेत 30 से अधिक शहरों में भारी तबाही हुई। इस हमले में 12 से 13 लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग घायल हैं।

ट्रंप बोले- पुतिन बिल्कुल पागल हो गए हैं

न्यू जर्सी के मोरिसटाउन एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- मैं पुतिन को बहुत समय से जानता हूं, हमारे अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन अब वह मिसाइलें दाग रहे हैं, लोगों को मार रहे हैं। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा। कुछ तो गड़बड़ है। वह पागल हो गए हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर वे राष्ट्रपति पहले से होते तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता। उन्होंने इस युद्ध को “बाइडेन, पुतिन और जेलेंस्की की असफलता” करार दिया और खुद को “शांति बहाल करने वाला” बताया।

सोशल मीडिया पर ट्रंप का हमला

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा- "पुतिन के साथ मेरे रिश्ते अच्छे थे, लेकिन अब वे लोगों को बेवजह मार रहे हैं। वे सिर्फ यूक्रेन का एक टुकड़ा नहीं, पूरा यूक्रेन चाहते हैं। ऐसा हुआ तो रूस का विनाश निश्चित है।" ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की आलोचना करते हुए लिखा कि, उनका रवैया और बोलने का तरीका देश का भला नहीं कर रहा।

रूस का आरोप- पुतिन को मारने की साजिश कर रहा यूक्रेन

रूसी वायुसेना के मेजर जनरल यूरी डैशकिन ने दावा किया कि, यूक्रेन ने राष्ट्रपति पुतिन के हेलिकॉप्टर पर हमला करने की कोशिश की। उनके अनुसार 20 मई को कुर्स्क दौरे के दौरान यूक्रेनी सेना ने 46 ड्रोन से हमला किया, लेकिन सभी को मार गिराया गया। यह इलाका रणनीतिक रूप से अहम है। पिछले साल यूक्रेनी सेना ने इस पर कब्जा कर लिया था, लेकिन अब पुतिन का कहना है कि यह फिर से रूस के नियंत्रण में है।

जेलेंस्की बोले- दुनिया की चुप्पी पुतिन को प्रोत्साहित कर रही

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका और अन्य देशों की चुप्पी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा-"शनिवार हो या रविवार, दुनिया छुट्टी पर जा सकती है, लेकिन युद्ध नहीं रुकता। अमेरिका की चुप्पी पुतिन को और अधिक हिंसा के लिए प्रेरित कर रही है।"

शांति वार्ता की कोशिशें और विश्वासघात

डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में पुतिन और जेलेंस्की दोनों से बात की थी। उन्होंने शांति वार्ता के लिए तुर्की में बैठक प्रस्तावित की थी। हालांकि, रूस ने इस बैठक में हिस्सा नहीं लिया और हमले तेज कर दिए। तुर्की के इस्तांबुल में 16 मई को हुई बैठक में दोनों देशों ने 1-1 हजार कैदियों की अदला-बदली पर सहमति जताई थी। यूक्रेन ने 30 दिन के सीजफायर की मांग रखी थी, जिसे रूस ने खारिज कर दिया।

614 कैदियों की हुई अदला-बदली

24 मई को रूस और यूक्रेन के बीच 307-307 कैदियों की अदला-बदली हुई। इससे एक दिन पहले 390-390 कैदियों को रिहा किया गया था। डोनाल्ड ट्रंप ने इस कदम को शांति वार्ता की ओर एक उम्मीद बताया, लेकिन पुतिन के हमले से यह उम्मीदें भी कमजोर होती नजर आ रही हैं। ये भी पढ़ें- Aaj ka Panchang 26 May 2025 : ज्येष्ठ माह कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि, पंचांग से जानें शुभ-अशुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts