🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

निवाड़ी में मंच पर विवाद : भाषण के दौरान टोकने से नाराज हुए केंद्रीय मंत्री खटीक, कार्यक्रम छोड़ने लगे… VIDEO वायरल

Follow on Google News
निवाड़ी में मंच पर विवाद : भाषण के दौरान टोकने से नाराज हुए केंद्रीय मंत्री खटीक, कार्यक्रम छोड़ने लगे… VIDEO वायरल

निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में आयोजित नारी सम्मान सम्मेलन उस समय सुर्खियों में आ गया जब केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक मंच से नाराज होकर कार्यक्रम छोड़ने लगे। पूर्व राज्य मंत्री और पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह पाल द्वारा भाषण के दौरान उन्हें टोकने पर यह विवाद खड़ा हुआ।

सम्मेलन में सीएम सहित कई मंत्री मौजूद

दरअसल, शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री के डेढ़ घंटे देरी से पहुंचने के कारण कार्यक्रम का समय पहले से ही सीमित था। जब केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक मंच से बोल रहे थे, तभी शैतान सिंह पाल मंच पर आ गए और उन्हें टोक दिया, जिससे वे आक्रोशित होकर माइक छोड़ मंच से नीचे उतरने लगे।

खटीक सीधे पहुंचे मुख्यमंत्री के पास

जैसे ही खटीक मंच से उतरने लगे, शैतान सिंह पाल ने उन्हें रोकने के लिए हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मंत्री खटीक सीधे मुख्यमंत्री के पास पहुंच गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें मंच पर मौजूद नेताओं के चेहरों पर असहजता साफ देखी जा सकती है।

शैतान सिंह ने दी सफाई

घटना के बाद शैतान सिंह पाल ने मीडिया को बताया कि उनका उद्देश्य केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का मंच पर पाल समाज की ओर से पगड़ी पहनाकर सम्मान करना था। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र खटीक उनके बड़े भाई जैसे हैं, और उनके बीच कोई व्यक्तिगत नाराजगी या कटुता नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि स्थिति कुछ पल बाद सामान्य हो गई और दोनों नेताओं का सम्मान किया गया।

केंद्रीय मंत्री की प्रतिक्रिया नहीं आई

विवाद के बाद अब तक केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, क्योंकि उनका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। भाजपा की ओर से भी इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

यह घटना भाजपा के अंदर आयोजन समन्वय और मंच संचालन की खामियों को उजागर करती है। वरिष्ठ नेताओं के बीच टकराव की स्थिति ने न केवल सम्मेलन की गरिमा को प्रभावित किया, बल्कि पार्टी की छवि पर भी सवाल खड़े किए हैं।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

icon

Latest Posts