‘आज की रात इतिहास में दर्ज होगी…’बम की धमकी के बीच दिलजीत दोसांझ की क्रिप्टिक पोस्ट, लुधियाना में हाई अलर्ट

दिलजीत दोसांझ को लुधियाना में बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। वहीं दिलजीत न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगातार दो शो कर इतिहास रच रहे हैं। धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम सामने आया है।
बम की धमकी के बीच दिलजीत दोसांझ की क्रिप्टिक पोस्ट, लुधियाना में हाई अलर्ट
दिलजीत दोसांझ। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़। पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों दो वजहों से सुर्खियों में हैं। एक तरफ वह न्यूयॉर्क के मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगातार दो शो कर इतिहास रच रहे हैं, तो दूसरी तरफ पंजाब के लुधियाना में उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते अलर्ट मोड पर हैं।

नगर निगम अधिकारियों को मिला धमकी भरा ईमेल

सोमवार सुबह लुधियाना नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें लुधियाना की मेयर इंदरजीत कौर के कार्यालय, मेयर हाउस और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में धमाके के समय तक का जिक्र किया गया था।

बताया गया कि, दिलजीत दोसांझ के घर को रात 9 बजकर 11 मिनट पर निशाना बनाने की बात कही गई, जबकि मेयर इंदरजीत कौर पर हमले का समय दोपहर 1 बजकर 11 मिनट बताया गया। ईमेल में 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए खून का बदला खून जैसी धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया।
ईमेल के आखिर में KHALISTAN National ARMY लिखा गया था। साथ ही इंजीनियर गुरनख सिंह और डॉ. गुरनिरवैर सिंह नाम भी दर्ज थे। धमकी देने वालों ने 6 जून तक का अल्टीमेटम भी दिया।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। मेयर कार्यालय, नगर निगम परिसर और दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित घर पर बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से घंटों तलाशी अभियान चलाया गया। 

diljit dosanjh

हालांकि जांच के दौरान किसी भी जगह से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। सुरक्षा के लिहाज से नगर निगम परिसर खाली कराया गया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ईमेल सोमवार सुबह करीब 7:28 बजे कई सरकारी ईमेल आईडी पर भेजा गया था। फिलहाल साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की जांच में जुटी हैं।

न्यूयॉर्क में इतिहास रच रहे हैं दिलजीत दोसांझ

जहां पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं, वहीं दिलजीत दोसांझ इस वक्त अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मौजूद हैं। उन्होंने सोमवार को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित म्यूजिक वेन्यू में शामिल मैडिसन स्क्वायर गार्डन में परफॉर्म किया।

मंगलवार को भी उनका दूसरा शो आयोजित किया जा रहा है। किसी भारतीय पंजाबी सिंगर द्वारा मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगातार दो शो करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, आज की रात इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी।

/img/10/1779768767909

उनकी पोस्ट में हजारों फैंस नजर आए, जो पंजाबी आ गए ओए जैसे नारे लगाते दिखे। सोशल मीडिया पर भी उनके शो के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

कैसे हुई खालिस्तान समर्थकों के विरोध की शुरुआत?

दिलजीत दोसांझ को लेकर खालिस्तानी समर्थकों का विरोध पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ता दिख रहा है।

वैंकूवर शो में हुआ हंगामा

23 अप्रैल 2026 को कनाडा के वैंकूवर में दिलजीत के शो के दौरान कुछ लोग खालिस्तान समर्थक झंडे लेकर पहुंचे और खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। सिक्योरिटी ने रोकने की कोशिश की तो हंगामा हो गया। उस दौरान कुछ कट्टरपंथी समूहों ने दिलजीत को मोदी समर्थक और बीजेपी-आरएसएस का एजेंट तक कहा था।

कैलगरी शो में भी दिखे झंडे

इसके बाद 30 अप्रैल को कैलगरी शो में भी खालिस्तानी झंडे लहराए गए। उस दौरान दिलजीत ने मंच से प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसे लोगों को बाहर फेंक दिया जाएगा। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार धमकियां मिलने लगीं।

गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी दी थी धमकी

कुछ दिनों बाद सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख और भारत में घोषित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी दिलजीत दोसांझ को खुलेआम धमकी दी थी। पन्नू ने कहा था कि दिलजीत का घमंड ही उसका सबसे बड़ा दुश्मन बन चुका है। उसने यह भी आरोप लगाया कि, दिलजीत ने खालिस्तानी समर्थकों का अपमान किया है। इसी बयान के बाद सोशल मीडिया पर विवाद और बढ़ गया था।

Featured News

कुछ दिन पहले मैनेजर के घर पर भी हुआ था हमला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिन पहले हरियाणा में दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कांग के घर पर भी कथित हमला हुआ था। हालांकि उस मामले में भी जांच जारी है। इन लगातार घटनाओं के बाद पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से देख रही हैं।

एक्टिंग और म्यूजिक दोनों में सक्रिय हैं दिलजीत

दिलजीत दोसांझ सिर्फ सिंगिंग ही नहीं बल्कि एक्टिंग की दुनिया में भी लगातार सक्रिय हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ अगले महीने रिलीज होने वाली है। फिल्म में उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts