बदनावर में ट्रॉले ने वैन को मारी टक्कर, 6 श्रद्धालुओं की मौत

बदनावर में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रही मारुति ईको वैन को रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉले ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे पंचकवास गांव के पास उज्जैन फोरलेन पर हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वैन में फंसे शवों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रॉला
पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन में छह लोग सवार थे। ट्रॉला नंबर GJ39 DB 9248 रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा हुआ था। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति ईको वैन नंबर GJ17 CK 6134 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। वैन सवार सभी श्रद्धालु गुजरात के वड़ोदरा के रहने वाले बताए गए हैं। वे उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद वापस गुजरात लौट रहे थे।
टक्कर के बाद वैन बुरी तरह पिचकी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। छह श्रद्धालु वाहन के अंदर फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में मदद की।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: पुणे में बारामती एयरपोर्ट पर ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त, लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। वहीं कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें: खेड़ी महमूदाबाद में सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, टीनशेड गिराया
ट्रॉला चालक हादसे के बाद फरार
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉले का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। सभी शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












