धामनोद:कन्या स्कूल में छात्रा पर पत्थर से हमला, 10वीं की छात्रा गंभीर घायल
धार जिले के धामनोद स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई। कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक खिड़की के रास्ते आया एक पत्थर 10वीं की छात्रा आयुषी यादव के सिर पर आ लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्रा को तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। फिलहाल छात्रा का इलाज जारी है।
पढ़ाई के दौरान सिर पर लगा पत्थर
घायल छात्रा आयुषी यादव, ग्राम बड़वीं की निवासी है और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धामनोद में कक्षा 10वीं की छात्रा है। छात्रा के अनुसार वह कक्षा में पढ़ाई कर रही थी तभी अचानक खिड़की की ओर से आया पत्थर उसके सिर पर लग गया। चोट इतनी गंभीर थी कि उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
भिंड: जेल से बाहर आते ही बंदी का खुलासा, रिश्वत नहीं दी तो की गई मारपीट
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी शासकीय कन्या छात्रावास में इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। लगातार ऐसी घटनाएं होने से छात्राओं और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एसडीओपी कार्यालय पास, फिर भी सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस कन्या विद्यालय में यह घटना हुई, वहां से एसडीओपी कार्यालय महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद स्कूल परिसर में इस तरह की घटना होना और छात्राओं का खुद को असुरक्षित महसूस करना चिंता का विषय माना जा रहा है। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा, बालाघाट कोर्ट ने लगाया ₹10 हजार का जुर्माना
पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
मामले में धामनोद थाना के सब इंस्पेक्टर जय किशन ने कहा कि घटना की जानकारी मिल गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सब इंस्पेक्टर जय किशन ने कहा मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Edited By: Sumit Shrivastava














