घर में घुसा ‘जान-पहचान वाला’, 21 साल की मुस्कान पर चाकू से हमला! चीखें सुनकर दौड़े पड़ोसी, फिर…

दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 साल की युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओल्ड महावीर नगर में रहने वाली मुस्कान पर उसके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे नजदीकी अमर लीला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घर में अकेली थी मुस्कान, तभी पहुंचा आरोपी
जानकारी के अनुसार, मुस्कान अपनी मां, दो बहनों और छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रहती थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:30 बजे एक युवक उसके घर पहुंचा। आरोप है कि युवक के घर में पहुंचने के बाद मुस्कान और उसके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। मुस्कान की चीख सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। खून से लथपथ मुस्कान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई गई। बाद में उसने दम तोड़ दिया।
CCTV फुटेज से मिली अहम जानकारी
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। बताया जा रहा है कि फुटेज में एक संदिग्ध युवक को मुस्कान के घर की ओर जाते हुए देखा गया है। जानकारी के मुताबिक, करीब 5:40 बजे संदिग्ध युवक घर के अंदर जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जिम ट्रेनर पर हत्या का आरोप
इस मामले में जिस युवक पर आरोप लगा है, उसकी पहचान इमरान के तौर पर बताई जा रही है। वह पश्चिमी दिल्ली के एक जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता था। मुस्कान के जानकारों का दावा है कि आरोपी पहले भी उसे परेशान करता था और दोस्ती करने के लिए दबाव बनाता था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मुस्कान और इमरान की पहली मुलाकात तिलक नगर के Seven Zone Gym में हुई थी। इमरान वहां ट्रेनर था, जबकि मुस्कान जिम में एक्सरसाइज करने जाती थी।
मुस्कान पार्ट टाइम मॉडलिंग भी करती थी
मुस्कान पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम मॉडलिंग भी करती थी। उसके जानकारों के मुताबिक, वह अपने करियर को लेकर भी आगे बढ़ रही थी। मुस्कान के परिवार में उसकी दो बहनें और एक छोटा भाई आकाश है। घटना के बाद परिवार सदमे में है। परिवार के लोग फिलहाल इस मामले पर सार्वजनिक तौर पर ज्यादा बात नहीं कर रहे हैं। मुस्कान के दोस्त अमन ने दावा किया कि जिम ट्रेनर पहले भी उसे परेशान करता था। पुलिस इन दावों की भी जांच कर सकती है।
एक महीने पहले जिम जाना बंद कर चुकी थी मुस्कान
Seven Zone Gym के मालिक के मुताबिक, मुस्कान और इमरान एक ही समय पर जिम नहीं आते थे। उन्होंने बताया कि इमरान का व्यवहार सामान्य था और उसके खिलाफ पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी। हालांकि, जिम मालिक के अनुसार इमरान अक्सर देर से आता था, जिसके चलते उसे नौकरी से हटा दिया गया था। वहीं मुस्कान का जिम सब्सक्रिप्शन खत्म हो चुका था। बताया गया कि करीब एक महीने पहले से उसने भी जिम जाना बंद कर दिया था। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिम छोड़ने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क था या नहीं और क्या इसी दौरान कोई विवाद हुआ था।
रक्षाबंधन से पहले रुड़की में खूनी खेल! भाई बना कातिल, दो बहनों की हत्या; जीजा को भी मारी गोली
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तिलक नगर थाना और जिला ऑपरेशन सेल की टीमों ने भी जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज जुटाई। आरोपी के संभावित ठिकानों पर भी तलाश की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
मुस्कान की हत्या के बाद पुलिस के सामने कई सवाल हैं। आरोपी घर में कैसे पहुंचा? क्या वह पहले से मुस्कान को जानता था? घर में दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ? क्या हत्या की पहले से योजना बनाई गई थी? और क्या आरोपी ने मुस्कान को पहले भी धमकी या परेशान किया था? फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूत और लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है



















