पहले CCTV बंद किया: फिर भाइयों को बुलाया, पति को पीट-पीटकर मार डाला

नई दिल्ली। पुलिस ने इस मामले में विनय की पत्नी रेखा समेत उसके भाई राजू, वेदप्रकाश और भाभी पूनम को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बेटे के शरीर पर हुए छालों पर दवा लगाने को लेकर विनय और रेखा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा घर से चली गई और अपने मायके वालों को बुला लिया, जिसके बाद विनय के साथ मारपीट की गई। पुलिस CCTV फुटेज के साथ पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।
पत्नी से विवाद के बाद घर पहुंचे रिश्तेदार
विनय लक्ष्मी पार्क के रहने वाले थे और नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। करीब साढ़े तीन साल पहले उनकी शादी रेखा से हुई थी और दोनों के चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की सुबह विनय ने पत्नी से अपने बेटे के शरीर पर हुए छालों पर दवा लगाने के लिए कहा था। रेखा के मना करने पर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद रेखा घर से निकल गई और अपने भाई राजू, वेदप्रकाश, भाभी पूनम को बुला लिया।
ये भी पढ़ें: नशे में चाकू लेकर सड़क पर निकला बदमाश:वीडियो वायरल फिर पुलिस ने दबोचा
CCTV बंद करने के बाद मारपीट का आरोप
जांच में सामने आया है कि घटना से पहले रेखा ने घर के अंदर लगा CCTV कैमरा बंद कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद रेखा के भाई और भाभी घर पहुंचे और विनय के साथ मारपीट की। विनय के पिता प्रेमचंद और मां रेणु गुप्ता भी उसी घर में रहते हैं, जहां यह घटना हुई। पिता के मुताबिक, रेखा के रिश्तेदारों ने उनसे कहा था कि वे विनय से बात करने आए हैं, जिसके बाद वह उनके लिए पानी लेने अंदर चले गए। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि बेटे के साथ मारपीट हो रही थी।
विनय को पीट-पीटकर मार डाला
विनय के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने रेखा के मायके वालों से बेटे को नहीं मारने और शांति से बात करने की अपील की, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी। विनय की मां के मुताबिक, आरोपियों ने उनके बेटे को जमीन पर धक्का दिया और बेड पर पटक दिया। इसके बाद उसकी गर्दन पकड़कर पेट में लात-घूंसे मारे गए। बेटे को बचाने की कोशिश कर रही मां को भी आरोपियों ने धक्का दिया। विनय की मां पड़ोसियों को बुलाने के लिए बाहर गईं और वापस लौटीं तो विनय की हालत गंभीर थी।
ये भी पढ़ें: पहले सड़क पर रील, फिर माफी...पुलिस ने की कार्रवाई.. देर रात प्रकरण दर्ज
अस्पताल ले जाते समय विनय ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल विनय को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में रेखा, राजू, वेदप्रकाश और पूनम को गिरफ्तार किया है। निहाल विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी CCTV फुटेज के अलावा पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों के बयान भी खंगाल रहे हैं, ताकि घटना के पूरे क्रम और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। मामले की आगे की जांच जारी है।





















