डिप्टी कलेक्टर दीपक पांडे को टीटी नगर एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार, अर्चना रावत कलेक्ट्रेट अटैच

भोपाल। डिप्टी कलेक्टर दीपक पांडे को भोपाल के टीटी नगर अनुभाग के एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पांडे पहले से शहर वृत्त में एसडीएम के रूप में पदस्थ हैं। नए आदेश के बाद अब वे दो अनुभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, टीटी नगर अनुभाग की एसडीएम रहीं डिप्टी कलेक्टर अर्चना रावत शर्मा को कलेक्ट्रेट में अटैच कर दिया गया है।
दो साल से संभाल रही थीं टीटी नगर की जिम्मेदारी
डिप्टी कलेक्टर अर्चना रावत शर्मा करीब दो वर्षों से टीटी नगर एसडीएम के रूप में पदस्थ थीं। अब उन्हें फील्ड की जिम्मेदारी से हटाकर कलेक्ट्रेट में अटैच किया गया है। बताया जा रहा है कि अर्चना रावत शर्मा स्वयं भी फील्ड की जगह कार्यालयीन कार्य करना चाह रही थीं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई अलग आधिकारिक कारण जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: कोचिंग के नाम पर बच्चों की भीड़, बैठने तक की व्यवस्था नहीं! पथरिया में उठे सवाल
सीलिंग कार्रवाई के विरोध वाले इलाके भी टीटी नगर में
टीटी नगर अनुभाग हाल के दिनों में नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई को लेकर भी चर्चा में रहा है। आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ हो रही कार्रवाई के विरोध में न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे पर हजारों व्यापारी प्रदर्शन कर चुके हैं। ये दोनों प्रमुख क्षेत्र टीटी नगर अनुभाग के अंतर्गत आते हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान तत्कालीन एसडीएम अर्चना रावत शर्मा व्यापारियों को समझाने के लिए मौके पर पहुंची थीं और व्यापारियों का ज्ञापन भी लिया था। अब टीटी नगर एसडीएम की अतिरिक्त जिम्मेदारी दीपक पांडे को मिलने के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था की कमान उनके हाथों में रहेगी।
ये भी पढ़ें: होटल पार्किंग में कोकीन का खेल- डस्टबिन में रखो..कार में छोड़ो और निकलो!WhatsApp पर मिलते थे ऑर्डर
अब शहर वृत्त और टीटी नगर दोनों की जिम्मेदारी
दीपक पांडे पहले से शहर वृत्त में एसडीएम के रूप में कार्यरत हैं। टीटी नगर अनुभाग का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद अब वे दोनों प्रशासनिक क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीटी नगर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों, नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई से जुड़े मामलों और कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




















