श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर घंसौर में गूंजा नंद घर आनंद भयो जयघोष, धूमधाम से मनाया कान्हा का जन्मोत्सव

घंसौर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर घंसौर नगर पूरी तरह कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर नगर में दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। जगह-जगह ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
स्कूलों में भी दिखा जन्माष्टमी का उत्साह

जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के विभिन्न स्कूलों में भी विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनामिका कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों ने कृष्ण-राधा की वेशभूषा में सभी का मन मोह लिया। विद्यालय में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और कृष्ण भक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जन्माष्टमी के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा घंसौर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा खेरमाई चौक पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रास्ते भर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से नगर गूंजता रहा।
शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नगरवासियों के चलते पूरे घंसौर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के इस पावन पर्व पर घंसौर नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और कृष्णमय दिखाई दिया। मंदिरों से लेकर स्कूलों और नगर के प्रमुख मार्गों तक हर तरफ कान्हा की भक्ति की धूम रही। देर शाम तक धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भागीदारी बनी रही।




















