पत्नी के साथ न चलने से नाराज युवक ने ससुराल में काटी कलाई, बोला- मरकर सबको फंसा दूंगा

भोपाल। गौतम नगर इलाके में पत्नी के मायके से साथ चलने से इनकार करने पर नाराज एक युवक ने गुरुवार रात ससुराल पहुंचकर जमकर विवाद किया। आरोप है कि युवक ने पहले अपनी सास, साले और साली से झगड़ा किया, धमकियां दीं और बाद में चाकू से अपनी ही कलाई काट ली। घायल होने के बाद उसने ससुराल पक्ष को यह कहकर धमकाया कि वह मर जाएगा और सभी को फंसा देगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
दो साल पहले किया था प्रेम विवाह
पुलिस के अनुसार जेपी नगर निवासी 26 वर्षीय मोहन पंथी फूलों की दुकान पर काम करता है। मोहन ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन गीता ने परिवार की मर्जी के खिलाफ वर्ष 2024 में हर्ष मांझी से प्रेम विवाह किया था। रक्षा बंधन के दौरान गीता अपने मायके आई थी। इसके बाद उसने पति हर्ष के साथ वापस जाने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर हर्ष गुरुवार रात गौतम नगर स्थित अपने ससुराल पहुंचा और वहां विवाद करने लगा।
चाकू लेकर पहुंचने का आरोप, सास से की धक्का-मुक्की
मोहन के अनुसार हर्ष अपने साथ चाकू लेकर घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने मोहन की मां प्रभा बाई को जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ झूमाझटकी तथा धक्का-मुक्की की। शिकायत के मुताबिक हर्ष ने प्रभा बाई से करीब एक घंटे के लिए मोबाइल फोन मांगा था। जब उन्होंने मोबाइल देने से इनकार किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसका मोहन से भी विवाद हो गया। आरोप है कि हर्ष ने मोहन को भी जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें: होटल पार्किंग में कोकीन का खेल- डस्टबिन में रखो..कार में छोड़ो और निकलो!WhatsApp पर मिलते थे ऑर्डर
विवाद के बीच चाकू से काट ली अपनी कलाई
विवाद बढ़ने के दौरान हर्ष ने अपने पास रखे चाकू से अपनी ही हाथ की कलाई पर वार कर लिया। इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि कलाई काटने के बाद उसने कहा कि वह मर जाएगा और ससुराल पक्ष के लोगों को इस मामले में फंसा देगा। घटना के बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर गौतम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हर्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें: भोपाल के व्यापारियों को राहत की उम्मीद! CM बोले- सुप्रीम कोर्ट में मजबूती से रखेंगे पक्ष, समस्या का निकालेंगे हल
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अब घटना के समय घर में मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। युवक के ससुराल पहुंचने, चाकू लेकर आने और विवाद के दौरान हुई घटनाओं की भी जांच की जा रही है।




















