चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, दोस्त ने बचाने की कोशिश की; धाराखोह-मरामझिरी के बीच हादसा

बैतूल। जिले में धाराखोह और मरामझिरी रेलवे स्टेशनों के बीच गुरुवार रात चलती ट्रेन से गिरने के कारण 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ बेंगलुरु एक्सप्रेस से सफर कर रहा था। ट्रेन में जगह नहीं होने के कारण दोनों गेट के पास बैठे थे। इसी दौरान युवक अचानक घबराकर कांपने लगा और उसका हाथ छूट गया। वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। मृतक की पहचान मनीष पिता संजय यादव (22), निवासी बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त गोलू यादव के साथ बक्सर से नागपुर होते हुए पुणे जा रहा था। दोनों पुणे में ड्राइविंग का काम करने के लिए निकले थे।
अचानक घबराने लगा युवक, बिगड़ा संतुलन
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 9 बजे धाराखोह और मरामझिरी के बीच मनीष अचानक घबराने लगा और कांपने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया। उसके साथ बैठे दोस्त गोलू ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
पांच किलोमीटर आगे जाकर रुकी ट्रेन
मनीष के गिरने के बाद गोलू ने ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया। ट्रेन घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद गोलू ने रेलवे अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई की और शव को ट्रेन की मदद से बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचाया। यहां पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शादीशुदा था मनीष, एक बच्चे का था पिता
परिजनों के अनुसार, मनीष तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसका एक बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। जीआरपी पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस युवक के ट्रेन से गिरने और उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे जांच कर रही है।




















