होटल पार्किंग में कोकीन का खेल- डस्टबिन में रखो..कार में छोड़ो और निकलो!WhatsApp पर मिलते थे ऑर्डर

इंदौर। शहर में कोकीन की सप्लाई का नेटवर्क किस तरह बेखौफ तरीके से चल रहा था, इसका खुलासा चंदन नगर पुलिस की कार्रवाई के बाद हुआ है। 57.18 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार नाइजीरियन युवती इम्यूनल जाय ने पूछताछ में तस्करी का पूरा तरीका बताया है। पुलिस के अनुसार अगस्त में वह तीन बार इंदौर आई और हर बार निपानिया क्षेत्र के एक बड़े होटल की पार्किंग को कोकीन की डिलीवरी के लिए इस्तेमाल किया। यह कोई आम डिलीवरी नहीं थी। न फोन पर लंबी बातचीत, न सामने वाले से मुलाकात और न ही पैकेट हाथों-हाथ देना। युवती को WhatsApp कॉल पर निर्देश मिलता था कि पैकेट कहां छोड़ना है। कभी किसी कार में पैकेट रखने को कहा जाता तो कभी डस्टबिन या किसी तय स्थान पर छोड़ने के निर्देश दिए जाते।
संबंधित खबर: मुंबई से बस में आई ‘कोकीन कूरियर’!नाइजीरियन महिला,असली तस्करों तक पहुंचना चुनौती
‘पैकेट छोड़ो और गायब हो जाओ’- तस्करी का तरीका
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवती को सिर्फ डिलीवरी का काम दिया गया था। उसे यह नहीं बताया जाता था कि पैकेट लेने कौन आएगा। निर्देश मिलने के बाद उसे तय स्थान पर पहुंचना, पैकेट रखना और बिना किसी से बातचीत किए वहां से निकल जाना होता था। पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पहचान छिपाने और सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के तरीके भी बताए गए थे। यानी नेटवर्क ने डिलीवरी करने वाले को भी सुरक्षा कवच के तौर पर इस्तेमाल किया।
संबंधित खबर: बिजनेस वीजा पर आई नाइजीरियन महिला के बैग में मिली 29 लाख की कोकीन:इंदौर में ऐसे पकड़ी गई
सीधे सप्लायर से नहीं मिलती थी कोकीन, कैप्सूल में पहुंचता था माल
जांच में एक और अहम बात सामने आई है। जाय को कोकीन सीधे मुख्य सप्लायर से नहीं मिलती थी। उसके कथित एजेंट कैप्सूल में कोकीन भरकर उसे उपलब्ध कराते थे। इसके बाद WhatsApp कॉल के जरिए उसे इंदौर आने और डिलीवरी की लोकेशन बताई जाती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये एजेंट कौन हैं, कैप्सूल में ड्रग कौन भरता था और मुंबई से इंदौर तक कोकीन पहुंचाने वाली कड़ी में कितने लोग शामिल हैं।
सिंहासा से पकड़ी गई, मोबाइल ने खोले नेटवर्क के रास्ते
चंदन नगर पुलिस ने जाय को सिंहासा क्षेत्र से 57.18 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार वह लेगोस, नाइजीरिया की रहने वाली है और करीब सात महीने पहले बिजनेस वीजा पर भारत आई थी। वह मुंबई के बांद्रा ईस्ट में अपनी बहन के साथ रह रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल डाटा खंगाला। इसमें मिले संपर्कों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ी और मुंबई के नाला सोपारा से एक अन्य नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया गया।
संबंधित खबर: इटारसी में नारकोटिक्स का छापा : 100 करोड़ का नशीला पदार्थ जब्त, 3 नाइजीरियन युवतियां और 2 युवक पकड़ाए
अब इंदौर के ‘कोकीन ग्राहकों’ की तलाश
पुलिस की जांच अब सबसे अहम सवाल पर अटक गई है—इंदौर में कोकीन के पैकेट आखिर कौन उठाता था? पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निपानिया के होटल की पार्किंग में कितनी बार डिलीवरी हुई, किन लोगों ने वहां से पैकेट लिए और इंदौर में इस नेटवर्क के स्थानीय संपर्क कौन हैं। जांच में पुलिस को यह भी पता चला है कि नेटवर्क का कथित सरगना नाइजीरियन है, जो भारत आकर वापस जा चुका है। अब पुलिस उसके साथियों और मुंबई कनेक्शन की पड़ताल कर रही है।
होटल की पार्किंग से मुंबई तक फैला नेटवर्क
पूरे मामले में होटल की पार्किंग, WhatsApp कॉल, कैप्सूल में भेजी गई कोकीन और नाइजीरियन नेटवर्क की कड़ियां सामने आई हैं। पुलिस अब इन कड़ियों को जोड़कर इंदौर में सक्रिय कोकीन सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।




















