अंडरवर्ल्ड पर बड़ा वार!‘दाऊद का 'दायां हाथ' सलीम डोला तुर्की से भारत डिपोर्ट

नई दिल्ली। भारत की खुफिया एजेंसियों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को तुर्की से भारत वापस लाया है। सलीम डोला को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है। लंबे समय से वह अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क चला रहा था और कई देशों में उसका नेटवर्क फैला हुआ था।
यह पूरा ऑपरेशन बेहद गोपनीय तरीके से किया गया, जिसमें इंटरनेशनल एजेंसियों का भी सहयोग लिया गया। अब भारत लाए जाने के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
स्पेशल फ्लाइट से लाया गया दिल्ली
जानकारी के मुताबिक, सलीम डोला आज सुबह एक स्पेशल फ्लाइट के जरिए दिल्ली लाया गया। उसे सीधे एयरपोर्ट पर ही खुफिया एजेंसियों की निगरानी में रखा गया, जहां उससे शुरुआती पूछताछ शुरू कर दी गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा, क्योंकि वहां उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। माना जा रहा है कि मुंबई ले जाकर उससे और गहराई से पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें: दो राज्यों में मचा हड़कंप! सड़क तक पहुंचा ‘दाऊद रियल डॉन’ का क्रेज, थाने तक पहुंची बस?
इस्तांबुल में हुई थी गिरफ्तारी
सलीम डोला को हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल शहर में गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी भारतीय एजेंसियों द्वारा दी गई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। तुर्की की सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और फिर उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया।
ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा माफिया
सलीम डोला को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी का बड़ा नाम माना जाता है। बताया जाता है कि वह सिंथेटिक ड्रग्स के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसका नेटवर्क भारत, दुबई और कई अन्य देशों तक फैला हुआ था।
वह विदेश में बैठकर भारत में ड्रग्स की सप्लाई का काम संभालता था। एजेंसियों के मुताबिक, वह लंबे समय से इस गैरकानूनी कारोबार में सक्रिय था और कई बड़े गिरोहों के संपर्क में था।
दाऊद इब्राहिम से भी जुड़ा कनेक्शन
सबसे अहम बात यह है कि सलीम डोला का नाम दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। यह कनेक्शन जांच एजेंसियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अगर पूछताछ में यह कड़ी मजबूत होती है, तो अंडरवर्ल्ड के कई बड़े राज सामने आ सकते हैं। इससे भारत में चल रहे अपराध नेटवर्क पर भी बड़ा असर पड़ सकता है।
डोंगरी से दुबई तक का सफर
सलीम डोला की शुरुआत मुंबई के डोंगरी इलाके से हुई थी। वहीं से उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। बाद में वह दुबई चला गया, जहां से उसने अपने नेटवर्क को और मजबूत किया।
दुबई में रहते हुए उसने ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया और कई देशों में अपने संपर्क बना लिए। बताया जाता है कि उसके पास सऊदी अरब का पासपोर्ट भी था, जिससे वह आसानी से अलग-अलग देशों में यात्रा करता था।
परिवार और नेटवर्क पर पहले ही कार्रवाई
सलीम डोला तक पहुंचने के लिए भारतीय एजेंसियां पहले से ही सक्रिय थीं। अक्टूबर 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके करीबी सहयोगी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से भारत लाया था।
यह भी पढ़ें: मालदीव जाने से पहले सावधान! ड्रग्स कानून हुए बेहद सख्त, भारतीय यात्रियों के लिए जारी हुई बड़ी चेतावनी
इसके बाद नवंबर 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार कर भारत लाया गया था। इन कार्रवाइयों के बाद एजेंसियों का दबाव लगातार बढ़ता गया और आखिरकार सलीम डोला भी गिरफ्त में आ गया।
NCB ने किया एक लाख का इनाम घोषित
सलीम डोला लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज थे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा, उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था, जिससे इंटरपोल के जरिए उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश की जा रही थी।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज
अब जब सलीम डोला भारत आ चुका है, तो उससे पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। एजेंसियों को उम्मीद है कि उसके जरिए ड्रग्स तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, फंडिंग चैनल और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।











