दतिया उपचुनाव :नरोत्तम के गढ़ में कांग्रेस की वापसी, पढ़िएं चुनाव परिणाम पर किस नेता ने क्या कहा...

भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। इस नतीजे के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई। किसी ने जनता के फैसले को सिर माथे पर रखा, तो किसी ने इसे भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश बताया। वहीं भाजपा के भीतर से भी अंदरूनी कलह के आरोप सामने आए। आइए जानते हैं दतिया चुनाव परिणाम पर अलग- अलग नेताओं के बयान
आशुतोष तिवारी- सिर झुकाकर हार स्वीकार करता हूं
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि वे जनता के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, मैं सिर झुकाकर, हाथ जोड़कर इस हार को स्वीकार करता हूं। जनता का जो फैसला है, वह सर्वोपरि है। हम हार के कारणों की समीक्षा करेंगे और आगे और मजबूती से जनता के बीच जाएंगे।
CM मोहन यादव- जनता का फैसला स्वीकार है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह कांग्रेस की सीट थी और कांग्रेस ने उसे बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में अपना प्रदर्शन बेहतर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, लोकतंत्र में जनता का फैसला सबसे बड़ा होता है। हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी और जनता ने जो निर्णय दिया, उसे हम स्वीकार करते हैं। आने वाले समय में और अधिक ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: सीहोर : दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर जश्न; ढोल-नगाड़े बजे-आतिशबाजी की, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई
इमरती देवी का बड़ा आरोप- भीतरघात से हारे
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री इमरती देवी ने हार के बाद बड़ा बयान देते हुए कहा कि यह हार सिर्फ विपक्ष की वजह से नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर ही कुछ लोगों ने चुनाव हराने का काम किया। भीतरघात नहीं होता तो नतीजा अलग हो सकता था। उनके इस बयान के बाद भाजपा के अंदरूनी मतभेदों की चर्चा भी तेज हो गई।
यह जनता का आशीर्वाद है- घनश्याम सिंह
जीत के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने इसे जनता के भरोसे की जीत बताया। उन्होंने कहा, यह जीत मेरी नहीं, दतिया की जनता की जीत है। लोगों ने कांग्रेस की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर भरोसा जताया है। जनता का यह आशीर्वाद विकास के कामों के लिए हमारी जिम्मेदारी और बढ़ाता है।
जनता ने भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ वोट किया- जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया के नतीजे ने भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा, जनता ने भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ वोट दिया है। यह जीत कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
दिग्विजय सिंह ने मतदाताओं का जताया आभार
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दतिया की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा, "मैं सभी मतदाताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। जिन्होंने एक बार फिर कांग्रेस पर भरोसा जताया, उनका धन्यवाद। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है।
यह 2028 का शंखनाद : कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को सिर्फ उपचुनाव का नतीजा नहीं, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव का संकेत बताया। पार्टी का कहना है कि दतिया का परिणाम 2028 के चुनाव की दिशा तय करने वाला संदेश है और यह कार्यकर्ताओं की एकजुटता का परिणाम है।











