दमोह में जुआ खेलने के आरोप में पकड़े अधेड़ की पिटाई से मौत, 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच
दमोह। हिनौता गांव में गुरुवार रात जुआ फड़ पर कार्रवाई के दौरान 46 वर्षीय शिव सिंह लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद हिंडोरिया अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट करने का आरोप लगाया। मामला बढ़ने के बाद एसपी आनंद कलादगी ने कार्रवाई में शामिल आठ पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया।
मारपीट के बाद दी तबीयत खराब होने की जानकारी
मृतक के बेटे और भतीजे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिव सिंह के साथ मारपीट की थी। बाद में परिजनों को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई। अस्पताल पहुंचने पर शिव सिंह मृत मिले। बेटे ने बताया कि पिता हार्ट के मरीज थे और उनके स्टंट डले थे, लेकिन उनका आरोप है कि मौत बीमारी से नहीं बल्कि पुलिस की पिटाई से हुई। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 6 बजे हिनौता गांव के पास जुआ खेलने की सूचना पर हिंडोरिया थाना पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंची थी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे। सर्चिंग के दौरान शिव सिंह उर्फ संतु पिता खिलान सिंह लोधी बेहोशी की हालत में मिले। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर दिया और तत्काल हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी साफ
पुलिस ने पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा है। यहां पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों की जांच कमेटी भी बनाई गई है। एसपी ने कहा कि पीएम रिपोर्ट और कमेटी की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें: मंडला नगर पालिका सीएमओ 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप
ये पुलिसकर्मी हुए लाइन अटैच
लाइन अटैच किए गए पुलिसकर्मियों में एएसआई राजेंद्र मिश्रा, एएसआई रामकुमार सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाठक, वीरेंद्र मिश्रा, अविनाश जाट, देवेंद्र ठाकुर, दीपचंद्र चौधरी और आरक्षक शिवसदन शामिल हैं।
सभी पहलुओं की जांच की जा रही है
परिजनों ने शिव सिंह की मेडिकल हिस्ट्री में हार्ट की बीमारी और स्टंट लगे होने की जानकारी दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आनंद कलादगी, एसपी, दमोह
ये भी पढ़ें: बुजुर्ग महिला को बेहोश कर सोने के गहने लूटे, पुलिस ने आरोपी को दबोचा






















