Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वित्तवर्ष की पहली तिमाही में कमजोर रहे कंपनियों के नतीजे, 141 कंपनियों की बिक्री और मुनाफे में देखने को मिली गिरावट

Follow on Google News
वित्तवर्ष की पहली तिमाही में कमजोर रहे कंपनियों के नतीजे, 141 कंपनियों की बिक्री और मुनाफे में देखने को मिली गिरावट
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मुंबई। चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही यानी जून क्वार्टर के नतीजों ने निवेशकों को निराश किया है, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में कंपनियों ने बिक्री और लाभ दोनों में ही गिरावट दर्ज की है। निवेशकों को उम्मीद थी कि इस तिमाही के नतीजे बाजार में तेजी का ट्रिगर देंगे, लेकिन अब सुधार की उम्मीदें अगले तिमाही पर टिक गई हैं। आंकड़ों के अनुसार, कम से कम 141 कंपनियों ने साल-दर-साल आधार पर बिक्री और मुनाफे दोनों में गिरावट दर्ज की है। ऑटो सेक्टर में टाटा मोटर्स ने 1,03,792 करोड़ रुपए का भारी-भरकम राजस्व अर्जित किया। इसके बावजूद मुनाफा 31% घटकर 3,871 करोड़ रुपए रह गया। जबकि बिक्री में 2.5% गिरावट आई। हीरो मोटोकॉर्प ने मुनाफे की गिरावट को 1% तक सीमित रखा लेकिन बिक्री 5% घटकर 9,728 करोड़ रुपए के स्तर पर आ गई। हुंडई मोटर इंडिया का मुनाफा 8% घटकर 1,369 करोड़ रुपए रहा और बिक्री 5.6% गिरकर 16,180 करोड़ रुपए रही। ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली प्रमुख कंपनी सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन फोर्जिंग्स ने 854 करोड़ रुपए की बिक्री के बावजूद 14% की गिरावट के साथ केवल 122 करोड़ मुनाफा कमाया।

    0.2 % गिरी एशियन पेंट्स की बिक्री

    पेंट सेक्टर में एशियन पेंट्स की बिक्री 0.2% घटकर 8,924 करोड़ रुपए रह गई जबकि मुनाफा 6% गिरकर 1,081 करोड़ रुपए रहा । इंडिगो पेंट्स और एक्जो नोबेल इंडिया में दोहरे अंकों में मुनाफे की गिरावट हुई। कोल इंडिया का मुनाफा 21% गिरकर 8,590 करोड़ रुपए रहा और एनटीपीसी का मुनाफा 32% गिरा, जबकि राजस्व 3% घटा है। टेक्नोलॉजी सेक्टर भी दबाव में रहा। टाटा एल्क्सी का मुनाफा 22% गिरकर 144 करोड़ रुपए रहा और बिक्री 892 करोड़ रुपए पर आ गई। रूट मोबाइल का मुनाफा 28% घटा और बिरलासॉफ्ट का 29%। मंदी-प्रूफ माने जाने वाले कंज्यूमर सेक्टर में भी कमजोरी दिखी। कोलगेट-पामोलिव इंडिया का मुनाफा 12% घटकर 321 करोड़ रुपए रहा, जबकि बिक्री 1,420 करोड़ रुपए से ऊपर बनी रही। हैवेल्स इंडिया का मुनाफा 15% घटकर 348 करोड़ रुपए रह गया। अडाणी समूह में अडाणी एंटरप्राइजेज का मुनाफा 46% गिरकर 895 करोड़ रुपए रहा और बिक्री 14% घटकर 21,961 करोड़ रुपए पर आ गई। अडाणी पावर ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया, मुनाफा 16% घटकर 3,305 करोड़ रुपए रहा और बिक्री 14,109 करोड़ रुपए रही।

    मेटल व केमिकल सेक्टर पर दिखा दबाव

    मेटल सेक्टर में हिंदुस्तान जिंक का मुनाफा 5% घटकर 2,234 करोड़ रुपए रहा। केमिकल सेक्टर में आरती इंडस्ट्रीज का मुनाफा 69% गिरकर 43 करोड़ रुपए पर सिमट गया। ब्रोकरेज कंपनी एंजेल वन का मुनाफा 61% घटकर 114 करोड़ रुपए रह गया। टीटागढ़ रेल सिस्टम्स का मुनाफा 40% गिरकर 43 करोड़ रुपए रहा। प्रीमियम वाइनरी सुला वाइनयार्ड्स का मुनाफा 87% घटकर 1.9 करोड़ रुपए रह गया। डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स का मुनाफा 99% घटकर 23 लाख रुपए रह गया, पीएसपी प्रोजेक्ट्स का भी 99% गिरकर 43 लाख रुपए रह गया। बजाज इलेक्ट्रिकल्स और प्राज इंडस्ट्रीज का मुनाफा 94% गिर गया। विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही नतीजे कमजोर रहे हों, लेकिन आगे सुधार की संभावना है। कैनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट के हेड इक्विटीज श्रीदत्त भंडवलदार के अनुसार, वित्तवर्ष-25 में मुनाफा वृद्धि उम्मीद के मुताबिक उच्च सिंगल डिजिट में रही और आने वाले वर्षों में यह डबल डिजिट में पहुंच सकती है।

    मिडकैप कंपनियों ने किया मजबूत प्रदर्शन  

    श्रीदत्त भंडवलदार ने कहा कि मिडकैप कंपनियां आय के मामले में मजबूत प्रदर्शन कर रही हैं, उसके बाद लार्ज कैप कंपनियां हैं। वहीं स्मॉल कैप सेगमेंट चिंता का विषय बना हुआ है, क्योंकि इनके मूल्यांकन पहले से काफी ऊंचे हैं और आय में वृद्धि का रुझान अपेक्षाकृत कमजोर है। टाटा एसेट मैनेजमेंट के फंड मैनेजर सतीश मिश्रा ने कहा कि वित्तवर्ष 2026 की पहली तिमाही के नतीजे कमजोर रहे हैं। उन्होंने अनुमान जताया कि वित्तवर्ष 2026 की दूसरी छमाही में में मुनाफा वृद्धि बेहतर रहेगी। आईटी, वित्तीय, ऑटो और उपभोक्ता जैसे लार्ज सेक्टर्स ने कमजोर आय वृद्धि दिखाई है, जबकि सीमेंट, स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों ने मजबूत प्रदर्शन किया है। एएएमसीओ ग्रुप के सीईओ जिमीत मोदी ने कहा कि मौजूदा गिरावट ने अच्छे कंपनियों में निवेश के लिए बेहतर मौके बनाए हैं, क्योंकि भारत के स्ट्रक्चरल ग्रोथ ड्राइवर्स अभी भी मजबूत हैं और घरेलू लिक्विडिटी अच्छी है।

    Aniruddh Singh
    By Aniruddh Singh

    अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...Read More

    Latest Posts