जालंधर में बोले पीएम मोदी...पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार, विश्वासघात को छुपा रही

जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में 5,470 करोड़ रुपए से अधिक की रेल और सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार नहीं होने के बावजूद केंद्र विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार है।
नई रेल सेवाओं से बढ़ेगी धार्मिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने कहा कि जालंधर से कई नई रेल सेवाओं की शुरुआत की गई है। इनमें अमृतसर और काशी को जोड़ने वाली नई ट्रेन विशेष रूप से श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी होगी, जिससे गुरु रविदासजी के अनुयायियों की यात्रा अधिक आसान बनेगी। इसके अलावा दौलतपुर चौक-करटोली नई रेल लाइन का उद्घाटन, लुधियाना बाईपास का शिलान्यास और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक नए हिस्से का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने इन परियोजनाओं को पंजाब के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
केंद्र सरकार की विकास प्रतिबद्धता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति तेज बनी रहेगी।
AAP सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
जालंधर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह 'शेर-ए-पंजाब' महाराजा रणजीत सिंह की धरती है। लेकिन, आज पंजाब में जो हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है। यहां विज्ञापनों के जरिए धोखे की सच्चाई को छिपाया जा रहा है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कोई नहीं बता सकता कि कब और कहां गैंगवार छिड़ जाए या किस तरफ से गोलियां चलने लगें। यहां कारोबार करना मुश्किल हो गया है। लोगों से खुलेआम रंगदारी वसूली जा रही है। यहां तक कि पुलिस स्टेशन भी सुरक्षित नहीं हैं। उन पर अक्सर हमले होते हैं। सबसे दुखद बात यह है कि पंजाब का भविष्य बर्बाद हो रहा है। ड्रग तस्कर खुलेआम घूम रहे हैं और पंजाब के युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: बिजनौर को सीएम योगी ने दी सौगात: कांग्रेस पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री, बोले-तुष्टिकरण नहीं विकास चाहिए
दिल्ली अदालत के फैसले का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में आम आदमी पार्टी के एक नेता का भी उल्लेख किया। पीएम ने कहा कि पंजाब में अभी जो लोग सत्ता में हैं, वे बड़े घमंड के साथ दावा करते थे कि वे देश की राजनीति बदल देंगे। लेकिन आज देश उनका असली चेहरा देख रहा है। बस 2-3 दिन पहले, दिल्ली की एक अदालत ने उनके एक नेता को दोषी ठहराया। उन पर दंगे भड़काने और इंटेलिजेंस ब्यूरो के एक अधिकारी की हत्या का आरोप है।












