Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'लाड़ली बहना योजना' पर MP से महाराष्ट्र तक सियासत, CM डॉ. मोहन यादव ने दिया बड़ा बयान

Follow on Google News
'लाड़ली बहना योजना' पर MP से महाराष्ट्र तक सियासत, CM डॉ. मोहन यादव ने दिया बड़ा बयान
भोपाल। 'लाड़ली बहना योजना' को लेकर मध्य प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक सियासत छिड़ी हैं। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा बयान दिया था। जिस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को पलटवार किया है। सीएम ने कहा- जब से हमने लाड़ली बहना योजना शुरू की है, तब से लगातार हर महीने निश्चित समय पर बहनों को पैसे देने का काम किया है। लाड़ली बहना योजना को लेकर लगातार भ्रम फैलाया जा रहा है, लेकिन योजना बंद नहीं होने वाली है। संजय राउत मध्य प्रदेश में आकर देखें, एक करोड़ से ज्यादा बहनों के खाते में कैसे पैसे जा रहे हैं।

एक बार मध्य प्रदेश आकर देखें : सीएम

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत के बयान पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पलटवार करते हुए आज कहा कि संजय राउत एक बार मध्य प्रदेश आकर देखें कि किस प्रकार एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खाते में इसकी राशि जा रही है और योजना शुरू होने के बाद से एक बार भी ऐसा नहीं हुआ है, जब इसकी राशि समय पर नहीं पहुंची हो। सीएम ने कहा कि जब से मध्यप्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना शुरू की है, लगातार हर महीने, निश्चित समय पर बहनों को पैसे देने का काम किया है। देखें वीडियो

रानी दुर्गावती की जयंती पर 5-5 हजार की राशि डाली

सीएम ने कहा कि इस बार तो 500 साल पूर्व की साम्राज्ञी वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर एक साथ पूरे प्रदेश की बहनों के खातों में 5-5 हजार रुपए की राशि डाली है। कोई ऐसा महीना नहीं जा रहा है, जिसमें यह राशि नहीं डाली गई है, लेकिन महाराष्ट्र चुनाव में हार के डर से शिवसेना के लोग महाराष्ट्र के चुनाव में मतदाताओं को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे एक बार फिर मतदाताओं से कहना चाहेंगे कि ऐसे झूठे षड्यंत्रों पर विश्वास न करें। यह नारी सशक्तिकरण की राशि है जिसे बंद करने के बारे में सरकार सोच भी नहीं सकती। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस योजना की कई हितग्राही महिलाओं ने उनसे कहा कि वे इस बयान के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने के बारे में सोच रही हैं, क्योंकि उन्हें संजय राउत का बयान अपना अपमान लग रहा है।

संजय राउत ने साधा था बीजेपी पर निशाना

दरअसल, संजय राउत ने 'लाड़ली बहना योजना' को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा था। राउत ने कल अपने बयान में दावा किया था कि ये योजना मध्यप्रदेश में भी सफल नहीं रही और वहां की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई। साथ ही उन्होंने कहा कि अब बड़ा कर्ज लेकर महाराष्ट्र सरकार भी यही काम कर रही है। ये योजना चंद महीने चलेगी और फिर बंद हो जाएगी। संजय राउत के इसी बयान पर सीएम मोहन यादव ने पलटवार किया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 2023 से लाड़ली बहना योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत मध्य प्रदेश में हर महीने महिलाओं के खाते में राज्य सरकार की तरफ से 1250 रुपए की राशि ट्रांसफर की जाती है। हाल ही में महाराष्ट्र की सरकार ने भी बजट में लाड़ली बहना योजना की घोषणा की थी, जिसके बाद यह योजना महाराष्ट्र में भी लागू हो गई है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts