Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा में टीसी कनेक्शन की समस्या पर सांसद ने ली अधिकारियों की बैठक, कैंप लगाकर स्थायी कनेक्शन देने के निर्देश

छिंदवाड़ा के वार्ड नंबर 25 में टीसी कनेक्शन की समस्या को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने बिजली अधिकारियों की बैठक ली। जिलेभर में कैंप लगाकर स्थायी कनेक्शन की प्रक्रिया कराने के निर्देश दिए।
छिंदवाड़ा में टीसी कनेक्शन की समस्या पर सांसद ने ली अधिकारियों की बैठक, कैंप लगाकर स्थायी कनेक्शन देने के निर्देश

छिंदवाड़ा। शहर के वार्ड नंबर 25 साबलेवाड़ी, छत्रपति शिवाजी वार्ड के रहवासियों की टीसी कनेक्शन से जुड़ी समस्या को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के वार्डों के साथ जिलेभर में शिविर लगाकर टीसी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को स्थायी विद्युत कनेक्शन के नियमों की जानकारी दी जाए और पात्र उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार स्थायी किए जाएं। दरअसल रविवार सुबह वार्ड नंबर 25 में पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने सांसद से मुलाकात कर टीसी कनेक्शन समेत अन्य समस्याओं की जानकारी दी थी। रहवासियों ने टीसी कनेक्शन को स्थायी विद्युत कनेक्शन में बदलने की मांग रखी थी। सांसद ने उस समय समस्या के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया था।

शाम को अधिकारियों को बुलाकर कराई समस्या से अवगत

रविवार शाम वार्डवासी एक बार फिर सांसद से मिलने पहुंचे। इस दौरान सांसद ने तत्काल बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों को बुलाया और वार्डवासियों की समस्या से अवगत कराया। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि टीसी कनेक्शन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि शहर और जिले में बड़ी संख्या में लोगों के घरों में टीसी कनेक्शन हैं। इसके कारण उन्हें बिजली विभाग से मिलने वाली सब्सिडी और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।

जिलेभर में कैंप लगाने के निर्देश

सांसद बंटी विवेक साहू ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के अलग-अलग वार्डों के साथ जिलेभर में कैंप आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में टीसी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को स्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए जरूरी नियम और प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो उपभोक्ता नियमों के तहत स्थायी विद्युत कनेक्शन के पात्र हैं, उनके टीसी कनेक्शन को नियमानुसार स्थायी कनेक्शन में बदलने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि उन्हें बिजली विभाग और सरकार की संबंधित योजनाओं का लाभ मिल सके।

10 साल से रह रहे हैं वार्डवासी, फिर भी सुविधाओं की शिकायत

सांसद से मुलाकात के दौरान साबलेवाड़ी के रहवासियों ने बताया कि वे 10 साल से ज्यादा समय से क्षेत्र में रह रहे हैं। उनके मुताबिक वे नगर निगम को मकान टैक्स, नल टैक्स और रोड टैक्स नियमित रूप से जमा कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें क्षेत्र में अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। वार्डवासियों ने टीसी कनेक्शन के कारण आने वाले अधिक बिजली खर्च की समस्या भी सांसद के सामने रखी। उनका कहना है कि उन्हें हर महीने एक टीसी कनेक्शन के लिए करीब 4 से 5 हजार रुपये तक का भुगतान करना पड़ रहा है।

7 हजार रुपये जमा करने का नोटिस मिलने की शिकायत

वार्डवासियों ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से टीसी कनेक्शन के नवीनीकरण को लेकर नोटिस दिए गए हैं। इसमें प्रत्येक कनेक्शन के लिए 7 हजार रुपये जमा करने को कहा गया है। राशि जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटे जाने की बात भी नोटिस में कही गई है। रहवासियों ने सांसद से इस समस्या के समाधान की मांग की। सांसद ने उन्हें मामले में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष वामनराव साबले सहित वार्ड की बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य रहवासी मौजूद रहे।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts