छिंदवाड़ा: आग लगने से एक नवजात बच्ची की मौत, सीएम ने जताया दुख; 4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। जबलपुर मेडिकल कॉलेज में दोनों बच्चों के इलाज का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख की सहायता
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू के वॉर्मर में स्पार्क के कारण आग पकड़ने से झुलसे तीन नवजात बच्चों में से एक की जबलपुर में इलाज के दौरान मृत्यु होने की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
ये भी पढ़ें: सीहोर: वन भूमि पर कब्जे की साजिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
दोनों बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाररत दोनों बच्चों के संपूर्ण इलाज का खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ लगातार संपर्क में हैं। दोनों बच्चों के उपचार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कमलनाथ और नकुलनाथ ने घटना पर दुख किया व्यक्त
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में घटित हृदय विदारक घटना पर गहन दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए आग से झुलसने के बाद इलाजरत नवजात बच्चों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की। साथ ही दिवंगत नवजात को श्रीचरणों में स्थान देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
ये भी पढ़ें: मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, बीजेपी चलाएगी एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान'
सांसद बंटी विवेक साहू ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वॉर्मर में अचानक स्पार्क होने के बाद आग पकड़ने से तीन बच्चे झुलस गए थे। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इन तीन बच्चों में से पूर्व से ही गंभीर रूप से बीमार खापाबिहारी चांद निवासी शिवानी पति आदित्य वर्मा की बच्ची का दुखद निधन हो गया है। उक्त मामले को संज्ञान में लेते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने तत्काल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र प्रेषित करते हुए घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है।





















