छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंची कार, एक पहिया ट्रैक पर लटका!

छिंदवाड़ा। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात करीब 8.30 बजे ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार अचानक प्लेटफार्म क्रमांक-1 तक पहुंच गई। कार का एक पहिया प्लेटफार्म से नीचे रेलवे ट्रैक की ओर लटक गया। गनीमत रही कि उस समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आरपीएफ थाना प्रभारी उषा बिसेन के अनुसार शंकर नगर, लोनिया करेबल निवासी 58 वर्षीय अजय कुमार कच्छ, पिता घनश्याम राम कच्छ, कार क्रमांक एमपी 28 जेडएच 5279 चला रहे थे। कार प्लेटफार्म नंबर-1 तक पहुंच गई थी।
यात्रियों और आरपीएफ जवानों ने कार निकाली
कार को ट्रैक की ओर उतरा देखकर मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों और यात्रियों ने तत्काल स्थिति संभाली। सभी ने मिलकर कार को वापस प्लेटफार्म पर लाने में मदद की। इसके बाद वाहन को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में कलेक्टर हरेंद्र नारायण का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य और राशन व्यवस्था जांची
लगेज रास्ते से प्लेटफार्म तक पहुंची कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक कार को पार्सल ऑफिस से प्लेटफार्म पर लगेज ले जाने वाले रास्ते से लेकर प्लेटफार्म नंबर-1 तक पहुंचा था। आरपीएफ ने मामले में रेल अधिनियम की धाराओं 153, 147, 159, 146 और 145 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालने, अनधिकृत प्रवेश, निर्देशों की अवहेलना, रेलवे सेवक के कार्य में बाधा और न्यूसेंस सहित अन्य आरोपों में कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: सयाजी में खाना खाया जी...! होटल के किचन में वेज-नॉनवेज साथ,चूहे-कॉकरोच का डेरा




















