छिंदवाड़ा में कलेक्टर हरेंद्र नारायण का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य और राशन व्यवस्था जांची

छिंदवाड़ा। जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने प्रशासनिक कसावट और शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति जानने के लिए चांद क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने उप-स्वास्थ्य केंद्र चांद पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
राशन दुकान में रिकॉर्ड की जांच
निरीक्षण के अगले चरण में कलेक्टर हरनाखेड़ी स्थित वार्ड क्रमांक 02 की शासकीय उचित मूल्य दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने स्टॉक रजिस्टर सहित खाद्यान्न वितरण से जुड़े अभिलेखों की गहनता से जांच की और व्यवस्था की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से राशन वितरण की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी ली।
ये भी पढ़ें: कटनी CSP नेहा पच्चीसिया पर धोखाधड़ी का केस दर्ज, 82 लाख की जमीन 18 लाख में खरीदने का आरोप
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को राशन का वितरण सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।





















