परासिया में कुत्ते को बचाने में बेकाबू हुई कार, पत्थर से टकराकर मकान में घुसी; बुजुर्ग की मौत

छिंदवाड़ा के परासिया में शुक्रवार सुबह परासिया-चांदामेटा मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मंगली बाजार के पास बीएमएस कार्यालय के सामने एक कार अनियंत्रित होकर पहले बड़े पत्थर से टकराई और इसके बाद एक मकान से जा भिड़ी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय हबीब खान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कुत्ते को बचाने के दौरान अनियंत्रित हुई कार
जानकारी के अनुसार बिछुआ निवासी हबीब खान अपने साले के घर गमी के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। शुक्रवार सुबह वह कार से छिंदवाड़ा जा रहे थे। कार में अजरुद्दीन के अलावा अजरा और उजमा नाम की दो बच्चियां भी थीं, जिन्हें छिंदवाड़ा में स्कूल छोड़ना था।
मंगली बाजार के आगे पुराने पेंचवेली कॉलेज के पास कार के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। सड़क पर नालियों का पानी बह रहा था, जिससे कार फिसल गई और एक बड़े पत्थर से जा टकराई।
पत्थर से टकराने के बाद मकान में घुसी कार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए। पत्थर से टकराने के बाद कार आगे जाकर रीतेश श्रीवास्तव के मकान से टकराई और घूम गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद घायलों को ऑटो से परासिया अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में हबीब खान को छिंदवाड़ा रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
'तेज आवाज सुनकर लगा ट्रक टकराया'
मकान मालिक रीतेश श्रीवास्तव ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी। उन्हें लगा कि शायद कोई ट्रक टकरा गया है। बाहर आकर देखा तो कार मकान से टकराई हुई थी और उसमें लोग घायल अवस्था में फंसे थे। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
लगातार हादसों से एक्सीडेंट प्वाइंट बना मंगली बाजार
स्थानीय लोगों के अनुसार परासिया-चांदामेटा मार्ग पर मंगली बाजार के पास लगातार हादसे हो रहे हैं। सड़क का खतरनाक मोड़ और सड़क पर बहता नालियों का पानी दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।
नागरिकों का कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद सड़क की स्थिति में जरूरी सुधार नहीं किया गया है। लोगों ने सड़क पर पानी का बहाव रोकने, नालियों की व्यवस्था करने और खतरनाक मोड़ को सुधारने की मांग की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन समस्याओं का समाधान होने पर हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।




















