छिंदवाड़ा में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने ली परेड की सलामी

छिंदवाड़ा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
वंदे मातरम के साथ शुरू हुआ समारोह
मुख्य अतिथि के आगमन के बाद समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के दौरान मौजूद लोगों ने तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद प्रगति और नए संकल्प के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए।
खुली जीप में किया परेड का निरीक्षण
ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि राव उदय प्रताप सिंह खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण करने पहुंचे। विभिन्न परेड दलों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया। इसके बाद मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जवानों के मार्चपास्ट ने बढ़ाया उत्साह
समारोह में जिला पुलिस बल और अन्य सुरक्षा दलों के जवानों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। देशभक्ति के नारों के बीच हर्ष फायर किया गया। मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने विभिन्न परेड दलों के कमांडरों से परिचय भी प्राप्त किया। जवानों के अनुशासन और जोश ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।
देशभक्ति की धुनों से गूंजा पुलिस परेड ग्राउंड
पुलिस बैंड दल ने देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक धुनों की प्रस्तुति दी। बैंड की धुनों ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया और मुख्य अतिथि को सलामी दी गई।
विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों और नागरिकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया गया और उनकी सेवाओं को सराहा गया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
ध्वजारोहण, मार्चपास्ट, पुलिस बैंड की प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस दौरान मौजूद लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।













