Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा में गणेश विसर्जन को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 26-27 सितंबर को भारी वाहनों की नो-एंट्री

छिंदवाड़ा में 26 और 27 सितंबर को गणेश विसर्जन के चलते ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी। सुबह 6 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी और प्रतिमाओं व यात्री बसों के लिए अलग डायवर्जन रूट तय किए गए हैं।
छिंदवाड़ा में गणेश विसर्जन को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 26-27 सितंबर को भारी वाहनों की नो-एंट्री

छिंदवाड़ा। गणेशोत्सव के समापन पर 26 और 27 सितंबर 2026 को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ विशाल प्रतिमाओं का चल समारोह भी आयोजित होगा। इसे देखते हुए शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही रहेगी। यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने दो दिनों के लिए विशेष मार्ग और डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यातायात पुलिस के अनुसार 26 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक सुबह 6 बजे से शहर में भारी, मालवाहक और नो-एंट्री वाले वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शासकीय और अत्यावश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को थाना प्रभारी यातायात छिंदवाड़ा से पूर्व अनुमति लेकर निर्धारित मार्ग से आवागमन करना होगा।

छोटा तालाब विसर्जन स्थल के लिए प्रतिमाओं के अलग रूट

छोटा तालाब पहुंचने वाली गणेश प्रतिमाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार मार्ग तय किए गए हैं। नरसिंहपुर और सिवनी मार्ग से आने वाली प्रतिमाओं का रास्ता चारफाटक से तिलक मार्केट होते हुए विसर्जन स्थल तक रहेगा। वापसी में विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लान, पवार टी हाउस (अलका टाकीज) होते हुए संबंधित गंतव्य की ओर जाना होगा। छोटी बाजार और खिखरा मोहल्ला की प्रतिमाओं के लिए आगमन मार्ग पुराना पावर हाउस, दुर्गा चौक और फिर विसर्जन स्थल रहेगा। वापसी में विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लान और पवार टी हाउस होते हुए गंतव्य की ओर जाना होगा। वहीं बस स्टैंड और लालबाग क्षेत्र से आने वाली प्रतिमाओं के लिए मार्ग पाटनी पेट्रोल पंप, तिलक मार्केट और विसर्जन स्थल तय किया गया है। वापसी का मार्ग भी विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लान और पवार टी हाउस होते हुए आगे रहेगा।

ये भी पढ़ें: मप्र हाईकोर्ट ने 430 दिन की देरी से दाखिल अपील की खारिज, कहा- सरकारी लालफीताशाही पर्याप्त कारण नहीं

यात्री बसों के लिए भी बदला गया मार्ग

विसर्जन के दौरान यात्री बसों को भी निर्धारित डायवर्जन मार्ग से चलाया जाएगा। नरसिंहपुर और सिवनी मार्ग की बसों के लिए खापाभाट तिराहा, पीजी कॉलेज, वीआईपी रोड, खजरी चौक, देव होटल और बस स्टैंड का मार्ग निर्धारित किया गया है। वापसी में बस स्टैंड से खजरी तिराहा, वीआईपी रोड, पीजी कॉलेज होते हुए खापाभाट की ओर जाना होगा।

परासिया मार्ग की यात्री बसें सर्किट हाउस तिराहा, वीआईपी रोड, खजरी चौक, देव होटल और बस स्टैंड से होकर जाएंगी। वापसी में बस स्टैंड से खजरी तिराहा, वीआईपी रोड, सर्किट हाउस तिराहा और फिर परासिया की ओर जाना होगा।

नागपुर मार्ग की बसों के लिए ईएलसी तिराहा, कलेक्ट्रेट रोड, सत्कार तिराहा, सर्किट हाउस तिराहा, वीआईपी रोड, खजरी चौक, देव होटल और बस स्टैंड का रूट तय किया गया है। वापसी में बस स्टैंड से खजरी तिराहा, वीआईपी रोड, सर्किट हाउस, सत्कार, ईएलसी होते हुए नागपुर की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी।

एंबुलेंस और फायरब्रिगेड के लिए विशेष इंतजाम

यातायात पुलिस ने आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। एंबुलेंस और फायरब्रिगेड को मुख्य मार्ग से बिना अवरोध गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों या अन्य अति आवश्यक परिस्थितियों में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा, ताकि विसर्जन और चल समारोह के दौरान आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों।

ये भी पढ़ें: 21 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ीं सरकारी बसें, 2029 तक 75% ग्राम पंचायतों को जोड़ने का लक्ष्य

लोगों से यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील

गणेश विसर्जन और विशाल प्रतिमाओं के चल समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने आम लोगों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन नहीं ले जाने की अपील की है। दो दिनों तक शहर में भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए लोगों से पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने को कहा गया है।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts