छिंदवाड़ा में खाद्य सुरक्षा टीम का सघन निरीक्षण, होटलों और रेस्टोरेंट में मिलीं कई खामियां

छिंदवाड़ा। कलेक्टर हरेन्द्र नारायण के निर्देशन में जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर निरीक्षण, निगरानी और नमूना कार्रवाई लगातार जारी है। अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह की निगरानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पिछले तीन दिनों से शहर के होटल और रेस्टोरेंट में हाइजीन तथा भोजन की गुणवत्ता की जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत बुधवार 16 सितंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा और पंकज कुमार घाघरे ने छिंदवाड़ा शहर के प्रमुख होटल और ढाबों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने होटल के भंडार गृह, किचन, ग्राहकों को उपलब्ध कराए जाने वाले पानी, नालियों की व्यवस्था और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जांच की।
चार होटल में मिलीं सामान्य कमियां
खाद्य सुरक्षा टीम ने चाचा की रसोई, इमलिखेड़ा, आशीर्वाद ढाबा इमलिखेड़ा, होटल साई बजरंग और होटल सनफायर, वेंकटेश मॉल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ सामान्य कमियां सामने आईं। इनमें कर्मचारियों के पास मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होना, कच्चे खाद्य पदार्थों के भंडारण वाले स्थान पर साफ-सफाई की कमी, नालियों में ड्रेनेज फ्लो ठीक नहीं होना और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होना शामिल है। टीम ने सभी संबंधित होटल संचालकों को इन कमियों को दूर करने के लिए दो दिन की समय-सीमा दी है। अधिकारियों ने निर्धारित अवधि में जरूरी सुधार पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर की राखी सराठे ने लद्दाख में लहराया परचम, पर्वतारोहण में जीता गोल्ड मेडल
तामिया के दो रेस्टोरेंट में गंभीर खामियां
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या मार्को ने पर्यटन क्षेत्र तामिया में भी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। उन्होंने सेरेंगीटिपिती और MPRTC रेस्टोरेंट की जांच की। सेरेंगीटिपिती रेस्टोरेंट के निरीक्षण में फ्रीज अत्यधिक गंदा और बदबूदार पाया गया। इसके अलावा फ्रीज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। वहीं MPRTC रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों में फफूंद लगी हुई पाई गई। निरीक्षण के दौरान एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल भोजन बनाने में किए जाने की बात भी सामने आई।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर के जंगल में अवैध उत्खनन, वन विभाग ने जेसीबी मशीन पकड़ी
दोनों रेस्टोरेंट को नोटिस जारी होगा
निरीक्षण के बाद दोनों रेस्टोरेंट में तत्काल सुधार कराया गया। हालांकि खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का निरीक्षण और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों का फोकस होटल और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित पानी और खाद्य सामग्री के सही भंडारण को सुनिश्चित करने पर है।




















