Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

4 लाख मेहमान, 200 पकवान और जीतने वाले को Thar! अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में करोड़ों खर्च

बिहार के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होगी। लदमा गांव में 11 बीघा में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। समारोह में 4 लाख मेहमानों के आने की संभावना है। 200 से ज्यादा पकवान, 700 कारीगर, 400 खाने के काउंटर और घुड़दौड़ जीतने वाले को महिंद्रा थार मिलेगी।
4 लाख मेहमान, 200 पकवान और जीतने वाले को Thar! अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में करोड़ों खर्च
बेटी की शादी में अनंत सिंह का शाही इंतजाम! 700 कारीगर जुटे, मेहमानों के लिए 400 काउंटर

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर को होने वाले इस विवाह समारोह की तैयारियां उनके पैतृक गांव लदमा में जोर-शोर से चल रही हैं। शादी में 4 लाख से ज्यादा मेहमानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस भव्य आयोजन के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि शादी में सिर्फ सजावट और खाने का ही नहीं, बल्कि मेहमानों के मनोरंजन का भी खास इंतजाम किया जा रहा है।

11 बीघा में बनेगा भव्य पंडाल, 700 कारीगर जुटे

शादी के लिए लदमा गांव में 11 बीघा से ज्यादा जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसकी सजावट को खास बनाने के लिए अलग-अलग राज्यों से कारीगर बुलाए गए हैं। टेंट लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से विशेष कारीगर पहुंचे हैं, जबकि पूरे परिसर को रोशन करने के लिए बंगाल से लाइटें मंगवाई गई हैं। आयोजन स्थल पर 700 से ज्यादा कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं। शादी का मुख्य स्टेज भी बेहद खास बनाया जा रहा है। इसकी चौड़ाई 105 फीट, लंबाई 38 फीट और ऊंचाई करीब 40 फीट होगी।

लाल किला और हवा महल की तर्ज पर बनेगा मंडप

शादी के मंडप को शाही लुक देने के लिए खास डिजाइन तैयार किया जा रहा है। इसे दिल्ली के लाल किले और जयपुर के हवा महल की तर्ज पर सजाया जाएगा। वहीं, शादी का मुख्य मंडप जयपुर के मशहूर पत्रिका गेट की थीम पर तैयार किया जा रहा है। इसकी सजावट और भव्यता को देखकर मेहमानों को किसी शाही महल में होने का एहसास कराने की तैयारी है। पूरे परिसर में आकर्षक लाइटिंग और सजावट की जा रही है, ताकि रात के समय आयोजन स्थल की खूबसूरती और बढ़ जाए।

घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी खास, विजेता को मिलेगी थार

इस शादी में मेहमानों के मनोरंजन के लिए भी कई खास इंतजाम किए गए हैं। समारोह के दौरान दोपहर में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से घोड़े और घुड़सवार पहुंच रहे हैं। अनंत सिंह के आवास पर बने अस्तबल में भी कई घोड़े मौजूद हैं। प्रतियोगिता के लिए घुड़सवारों ने ट्रैक पर अभ्यास शुरू कर दिया है। इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण इसका इनाम होगा। घुड़दौड़ जीतने वाले प्रतियोगी को महिंद्रा थार दी जाएगी। यानी शादी में सिर्फ रस्में और दावत ही नहीं, बल्कि रोमांचक मुकाबला भी देखने को मिलेगा।

200 से ज्यादा पकवान, 400 काउंटर पर मिलेगा खाना

शादी में आने वाले मेहमानों के खाने-पीने के लिए भी बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मेहमानों के लिए 200 से ज्यादा तरह के पकवानों का मेन्यू तैयार किया जा रहा है। खाना बनाने के लिए करीब 3 बीघा जमीन पर अलग से टेंट लगाया गया है। यहां खाने-पीने की सामग्री और रसोई से जुड़ी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेहमानों को खाना परोसने के लिए 400 से ज्यादा काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों पर करीब 10 हजार लोगों की टीम जिम्मेदारी संभालेगी।

लिट्टी-चोखा से लेकर पिज्जा-पास्ता तक मिलेगा

खाने के मेन्यू में देसी स्वाद के साथ विदेशी व्यंजनों को भी जगह दी गई है। बिहारी खाने में लिट्टी-चोखा, मखाने की खीर, देसी घी का मालपुआ, बालूशाही, रसगुल्ला और सिलाव का खाजा शामिल रहेगा। वहीं, मुख्य खाने में शाही कोफ्ता, पनीर की सब्जी, दाल मखनी और कश्मीरी पुलाव-बिरयानी जैसे व्यंजन परोसे जाएंगे। स्ट्रीट फूड पसंद करने वालों के लिए भी अलग काउंटर होंगे। इनमें चाट, गोलगप्पे, डोसा, चाउमीन, पिज्जा और पास्ता जैसे विकल्प मिलेंगे। इसके अलावा विदेशी आइसक्रीम का भी इंतजाम किया जा रहा है। कुल मिलाकर शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए तैयारियां बड़े स्तर पर हो रही हैं। भव्य मंडप, हजारों कर्मचारियों की व्यवस्था, शाही दावत और घुड़दौड़ में Thar का इनाम इस समारोह को खास बना रहे हैं। अब 25 नवंबर को होने वाले इस आयोजन पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts