Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कनाडा के टोरंटो एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा : डेल्टा एयरलाइंस का प्लेन क्रैश, लैंडिंग के वक्त पलटा; कई यात्री घायल

Follow on Google News
कनाडा के टोरंटो एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा : डेल्टा एयरलाइंस का प्लेन क्रैश, लैंडिंग के वक्त पलटा; कई यात्री घायल
टोरंटो। कनाडा के टोरंटो में बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस का एक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 18 लोग घायल हो गए, इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्लेन में 80 लोग सवार थे, जिसमें 76 पैसेंजर और 4 क्रू मेंबर्स थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेन अमेरिका के मिनियापोलिस से टोरंटो आ रहा था। फ्लैप एक्चुएटर फेलियर (FAF) की वजह से प्लेन अचानक पलट गया। इसका मतलब है कि, लैंडिंग के दौरान विमान के पंखों पर लगे फ्लैप सही से काम नहीं कर पाए और हादसा हो गया। देखें वीडियो...

कैसे हुआ हादसा

अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:45 बजे हुआ। हालांकि, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है कि लैंडिंग के दौरान विमान कैसे पलट गया। कनाडा की परिवहन सुरक्षा बोर्ड (TSB) इस घटना की जांच कर रही है, जिसमें अमेरिका की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) भी मदद कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि क्या यह दुर्घटना तकनीकी खराबी, पायलट की गलती, या किसी अन्य कारण से हुई। क्योंकि यह हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ, इसलिए जांचकर्ता मौसम की स्थिति, विमान की तकनीकी स्थिति और पियर्सन हवाई अड्डे के एयर ट्रांसपोर्ट कंट्रोलर के साथ चालक दल की बातचीत पर ध्यान दे रहे हैं।

200 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित

हादसे के तुरंत बाद हेलिकॉप्टर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और बताया कि विमान उलटा पड़ा है और जल रहा है। इस दुर्घटना के बाद टोरंटो एयरपोर्ट पर 200 से ज्यादा उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, लेकिन कुछ घंटों बाद उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।

15 साल पुराना था विमान

पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई इस दुर्घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें काला धुआं उठता नजर आ रहा है। यह विमान मित्सुबिशी CRJ900 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर N932XJ था। यह विमान 15 साल पुराना था और 2013 से डेल्टा एयरलाइंस की फ्लीट का हिस्सा था। डेल्टा एयरलाइंस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि, विमान ने किस वजह से क्रैश लैंडिंग की, इसके कारणों की जांच की जा रही है।

दो हफ्तों में 3 बड़े विमान हादसे

1 फरवरी : अमेरिका के फिलाडेल्फिया में प्लेन क्रैश, 6 की मौत

1 फरवरी को अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में एक छोटा मेडिकल विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार 6 लोग मारे गए, सभी मेक्सिको के नागरिक थे। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, लियरजेट 55 नामक यह विमान शाम 6:30 बजे (स्थानीय समय) नॉर्थ-ईस्ट फिलाडेल्फिया एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 30 सेकंड बाद 6.4 किलोमीटर (4 मील) दूर क्रैश हो गया। विमान कंपनी जेट रेस्क्यू के प्रवक्ता शाई गोल्ड ने बताया कि, एक बच्चे को फिलाडेल्फिया में इलाज के बाद घर वापस ले जाया जा रहा था। अभी तक हादसे की वजह सामने नहीं आई है। देखें वीडियो...

29 जनवरी: अमेरिका में प्लेन-हेलिकॉप्टर क्रैश, सभी 67 की मौत

29 जनवरी को अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में एक यात्री विमान और हेलिकॉप्टर की टक्कर में सभी 67 लोग मारे गए। यह हादसा पोटोमैक नदी में हुआ, जहां क्रैश के बाद दोनों विमान गिर गए थे। प्लेन में 4 क्रू मेंबर समेत 64 लोग सवार थे, जबकि हेलिकॉप्टर में 3 लोग थे। हादसे के बाद, अमेरिकी एयरलाइंस का प्लेन पोटोमैक नदी में तीन टुकड़ों में बिखरा हुआ मिला। प्लेन और हेलिकॉप्टर दोनों के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR या ब्लैक बॉक्स) बरामद हुए। यह दुर्घटना रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट के पास हुई, और इसमें अमेरिकी एयरलाइंस का CRJ700 बॉम्बार्डियर जेट और सेना का ब्लैक हॉक (H-60) हेलिकॉप्टर शामिल था। अमेरिकन एयरलाइंस का जेट कंसास से वॉशिंगटन आ रहा था। देखें वीडियो... ये भी पढ़ें- दक्षिण अफ्रीका के समलैंगिक इमाम मोहसिन हेंड्रिक्स की गोली मारकर हत्या, LGBTQ संगठनों ने की निंदा
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts