Bus Accident : बैतूल-भोपाल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी बस, 28 यात्री घायल

बैतूल। जिले के बैतूल-भोपाल हाईवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। नागपुर से भोपाल जा रही एक यात्री बस भौरा के पास बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 28 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के वक्त बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में सोए हुए थे।
बस में सवार थे 32 यात्री
जानकारी के मुताबिक, ये घटना रात करीब ढाई बजे की है। भोपाल ट्रैवल्स की बस धपाड़ा जोड़ के पास मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण खोने के कारण पलट गई। हादसे के समय बस में 32 यात्री सवार थे, जिसमें से 28 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। वहीं 20 घायलों को शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। जबकि 8 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।





















