शर्मनाक...बुरहानपुर के माध्यमिक शाला में छात्राओं से करवाया शौचालय साफ

बुरहानपुर के ग्राम पिपरी के सरकारी स्कूल में छात्राओं से शौचालय साफ कराने का वीडियो वायरल हुआ है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद कलेक्टर ने मामले की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
छात्राओं से शौचालय साफ कराया जा रहा है

बुरहानपुर जिले के खकनार विकासखंड स्थित ग्राम पिपरी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से शौचालय साफ कराने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरी के प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक समोती मुजाल्दा पर छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने का आरोप लगा है। वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं ब्रश की मदद से स्कूल के शौचालय की सफाई करती दिखाई दे रही हैं।

ग्रामीणों ने जताई आपत्ति

गांव के युवक संदीप पटवारी ने बताया कि इससे पहले भी स्कूल में बच्चों से पानी भरवाने की शिकायत सामने आई थी। उस समय भी शिक्षकों से इस संबंध में आपत्ति जताई गई थी। इस बार जब छात्राओं को शौचालय साफ करते देखा गया तो उन्होंने इसका वीडियो बना लिया। संदीप पटवारी ने कहा कि बच्चों से इस तरह का काम कराना पूरी तरह अनुचित है। स्कूल में पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं से शौचालय की सफाई नहीं कराई जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें: पथरिया : ज्वेलरी शॉप की दीवार में सेंधमारी, शातिर चोर ने 10 लाख के जेवरात किए पार

सफाई के लिए सरकार देती है अलग बजट

स्कूलों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था के लिए राज्य सरकार हर वर्ष अलग से राशि उपलब्ध कराती है। जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक स्कूलों को लगभग 25 हजार रुपये, माध्यमिक स्कूलों को 35 हजार रुपये और हाई स्कूलों को 50 हजार रुपये तक की राशि विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आवंटित की जाती है। ऐसे में छात्राओं से शौचालय साफ कराने पर सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: कटनी पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव : स्लीमनाबाद टनल का किया निरीक्षण, मजदूरें से मिले, सांसद वीडी शर्मा भी रहे मौजूद

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह ने कहा कि स्कूलों की सफाई व्यवस्था को लेकर पंचायत को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि कोई लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Edited By: Sumit Shrivastava

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts