बुरहानपुर:मेडिकल स्टोर्स पर खाद्य एवं औषधि विभाग की सख्ती, कई दुकानों में मिली अनियमितताएं

बुरहानपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कई मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण किया। आदर्श मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिलने पर दवा बिक्री रोकी गई जबकि अन्य दुकानों में अनियमितताओं पर नोटिस जारी करने की तैयारी है।
औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर्स की जांच की

जिले में दवा कारोबार में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश और कलेक्टर हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर के मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति, दवाइयों का संधारण, शेड्यूल दवाओं के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड, दवा भंडारण व्यवस्था और एक्सपायरी दवाओं के प्रबंधन की जांच की जा रही है।

कई मेडिकल स्टोर्स का किया गया औचक निरीक्षण

औषधि निरीक्षक ने अभियान के तहत नाज मेडिकल स्टोर्स, ग्लोबल मेडिकेयर, आदर्श मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, फॉरएवर मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, स्टार मेडिकल एजेंसीज, रूबी फार्मेसी, सूफी मेडिकोज, न्यू रूबी मेडिकल, अपना केमिस्ट और हयात मेडिकल्स सहित कई मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

आदर्श मेडिकल स्टोर पर बिक्री पर लगाई रोक

निरीक्षण के दौरान आदर्श मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, न्यामतपुरा में दुकान के प्रोप्राइटर और पंजीकृत फार्मासिस्ट दोनों अनुपस्थित पाए गए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से दुकान पर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी। वहीं नाज मेडिकल, खैराती बाजार में दवाइयों के विक्रय से संबंधित रिकॉर्ड निर्धारित नियमों के अनुसार संधारित नहीं पाया गया जिसे गंभीर अनियमितता माना गया।

ये भी पढ़ें: Raipur News: सेंट्रल जेल में नशे की तस्करी का नया खेल,प्याज, साबुन और बिस्किट में छिपाकर पहुंचाई जा रही थी प्रतिबंधित सामग्री

मुख्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट

औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण में मिली अनियमितताओं का विस्तृत प्रतिवेदन औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी, बुरहानपुर मुख्यालय इंदौर को भेजा जाएगा। संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उनके विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: गुना में हैवानियत : युवक-युवती को जंगल में ले जाकर मारपीट, गैंगरेप की कोशिश, विरोध करने पर प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाली

आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार जिले में मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण का अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम लोगों को केवल सुरक्षित और नियमानुसार दवाइयां उपलब्ध हों तथा दवा कारोबार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त न किया जाए।

Edited By: Sumit Shrivastava

Banwari Metkar
By Banwari Metkar

Latest Posts