Naresh Bhagoria
6 Nov 2025
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के शव को बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले के इंदागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंडेशर गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नक्सलियों को मार गिराया। छत्तीसगढ़-उड़ीसा सीमा से लगे इंदागांव थाना क्षेत्र में बस्तर बटालियन और अन्य सुरक्षाबल के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। सुरक्षाबल के जवान जब कंडेशर गांव के जंगल में थे, तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया है और हथियार बरामद किए हैं। क्षेत्र में अब भी रूक-रुककर गोलीबारी जारी है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आज सुबह एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के सारनी थाना क्षेत्र में पाथाखेड़ा बस स्टैंड के पास एक बस सुबह लगभग 7 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 20 यात्री सवार थे। इस हादसे में बस में सवार लगभग 15 लोगों घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों का उपचार घोड़ाडोंगरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
कौशांबी। उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी क्षेत्र में शुक्रवार को कच्ची दीवार गिरने से मां बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के अंबेडकर नगर अझुवा निवासी शरीफ (55) के घर की कच्ची दीवार आज सुबह भरभरा कर ढह गई, जिसके मलबे में शरीफ, उसकी मां शकीना बानो (77) के अलावा शरीफ का पुत्र शाह मोहम्मद (14) दब गए। पड़ोसियों ने शरीफ और शकीना को इस्माइलपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां शकीना बानो को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर के लिए भेज दिया गया मगर इलाज के दौरान सकीना बानो की मौत हो गई। वहीं, शरीफ को इलाज के बाद परिजन घर लाए लेकिन कुछ घंटों बाद शरीफ की भी मौत हो गई। शाह मुहम्मद को भी गंभीर चोट है, जिसका इलाज किया जा रहा है।