Shahid Kapoor Birthday : बैकग्राउंड डांसर बने तो करिश्मा कपूर ने बेइज्जत कर कहा- 'कौन है ये लड़का… निकालो इसे', आज कहलाते हैं बॉलीवुड के कबीर सिंह

एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड के कबीर सिंह शाहिद कपूर आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। वे अपने चॉकलेटी बॉय लुक के लिए काफी फेमस हैं। पंकज कपूर जैसे दिग्गज कलाकार के बेटे होने के बावजूद भी उनका फिल्मों में आने का सफर आसान नहीं रहा। उन्हें अपने करियर में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत बैकग्राउंड डांसर के रूप में की थी। उन्हें एक बार करिश्मा कपूर ने बेइज्जत कर कहा था कि इसे सेट से बाहर निकालो।
फिल्म इंडस्ट्री फैमिली से आते हैं एक्टर
शाहिद का जन्म 25 फरवरी 1981 को नई दिल्ली में हुआ था। वे पहले से ही फिल्म इंडस्ट्री फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। वे अभिनेता पंकज कपूर और अभिनेत्री नीलम अजीम के बेटे हैं। शाहिद जब चार साल के थे, तभी उनके माता-पिता का रिश्ता टूट गया था। ऐसे में उनकी परवरिश उनके नाना-नानी ने की। लेकिन बाद में मां के मुंबई शिफ्ट होने के बाद वे भी वहीं चले गए थे।
करिश्मा कपूर ने सरेआम किया था शाहिद को बेइज्जत
शाहिद महज 15 साल के थे, जब इंडिपेंडेंट बनने के लिए उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के रूप में इंडस्ट्री में कदम रखा। कभी ताल में ऐश्वर्या के पीछे खड़े नजर आए, तो कभी दिल ले गई ले गई में करिश्मा के पीछे। एक बार तो करिश्मा कपूर ने उन्हें सरेआम बेइज्जत किया था। दरअसल, हुआ यूं कि शूटिंग शुरू हुई तो एक बैकग्राउंड डांसर बार-बार स्टेप बिगाड़ रहा था, जिसमें करिश्मा को रीटेक करना पड़ रहा था। कुछ रीटेक्स के बाद करिश्मा चिढ़ गईं और उन्होंने गुस्से में शाहिद को देखकर चिल्लाया और कहा- कौन है ये लड़का, इसको सेट से बाहर निकालो। शाहिद कपूर करिश्मा को चिल्लाते देख डर गए और कहा- वो लड़का मैं नहीं हूं।
200 ऑडिशन में हुए रिजेक्ट
करीब 200 ऑडिशन से रिजेक्ट होने के बाद एक संयोग से शाहिद को पेप्सी के एड में काम मिला था। एक दिन शाहिद अपने दोस्त को ऑडिशन दिलाने के लिए साथ गए हुए थे। तभी संयोग से ये कास्टिंग वालों ने शाहिद का लुक देखकर उन्हें पेप्सी एड का ऑफर दे दिया। ये शाहिद के करियर का पहला एक्टिंग प्रोजेक्ट था।
पहली हिट फिल्म के बाद 6 फिल्में फ्लॉप
शाहिद की पहली फिल्म इश्क विश्क थी। इस फिल्म से उन्होंने देशभर में पहचान बना ली थी, जिसके बाद उनके पास कई फिल्मों के ऑफर आने लगे। साल 2004 में शाहिद कपूर की 2 फिल्में फिदा और दिल मांगे मोर रिलीज हुईं, लेकिन दोनों फ्लॉप रहीं। अगले साल 2005 में शाहिद की 3 फिल्में दीवाने हुए पागल, वाह लाइफ हो तो ऐसी और शिखर रिलीज हुईं और तीनों ही नहीं चली। शाहिद की छठी फिल्म 36 चाइना टाउन भी पिट गई, जिससे उनपर फ्लॉप हीरो का ठप्पा लग गया। साल 2006 में फिल्म चुप चुपके रिलीज हुई, जिसमें शाहिद के काम की तारीफ हुई और फिल्म हिट रही।





















