BMC चुनाव में अखिलेश यादव की पार्टी का बड़ा ऐलान : अबू आजमी बोले- 150 सीटों पर अकेले मैदान में उतरेंगे

महाराष्ट्र में होने वाले बीएमसी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार (12 अगस्त) को बड़ा ऐलान किया। महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष और मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से विधायक अबू आजमी ने कहा कि सपा मुंबई महानगरपालिका की 150 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह घोषणा की।
यह फैसला महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना-यूबीटी, शरद पवार गुट) के लिए एक झटका माना जा रहा है, क्योंकि सपा भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है।
‘हमारी विचारधारा सांप्रदायिकता खत्म करना’
अबू आजमी ने कहा कि उनकी पार्टी की विचारधारा हिंदू-मुस्लिम एकता पर आधारित है। ‘हम चाहते हैं कि मस्जिद में अज़ान हो, मंदिर में पूजा हो और सभी मिलकर ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा’ गीत गाएं। लेकिन वर्तमान सत्ता इसे खत्म करना चाहती है।’
कांग्रेस पर दोगलेपन का आरोप
कांग्रेस के रुख पर नाराजगी जताते हुए आजमी ने कहा कि ‘जब हमारा कोई मुद्दा आता है तो कांग्रेस चुप रहती है। राज ठाकरे के लाउडस्पीकर विवाद का हमने विरोध किया था, लेकिन अब राज ठाकरे उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के साथ हैं, यह कांग्रेस का दोगलापन है।’
एकनाथ शिंदे पर तंज
एकनाथ शिंदे की कथित नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘बीजेपी को याद रखना चाहिए कि शिंदे साहब ने उनकी सरकार बनाई थी और एक चलती हुई सरकार गिरा दी थी। उस वक्त वो अच्छे थे, अब क्या बदल गया?’
किसानों के मुद्दे पर सरकार को चेतावनी
उन्होंने सरकार से किसानों और मजदूरों का सम्मान करने की अपील की। किसान देश की रीढ़ है। अगर किसान दुखी रहेगा तो देश भी दुखी रहेगा। हर सरकार किसानों की बातें करती है, लेकिन आत्महत्याओं के आंकड़े बढ़ते जाते हैं।











