Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हेमंत खंडेलवाल का ग्वालियर में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं से बोले- ‘हम सब एक परिवार’

हेमंत खंडेलवाल का ग्वालियर में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं से बोले- ‘हम सब एक परिवार’
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल गुरुवार को अपने पहले एक दिवसीय ग्वालियर प्रवास पर पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। रेलवे स्टेशन से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी सभागार तक 50 से अधिक स्थानों पर फूल-मालाएं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया गया।

    हर कार्यकर्ता बड़ा नेता : खंडेलवाल

    अटल सभागार में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा, ग्वालियर की जनता और कार्यकर्ताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। भारतीय जनता पार्टी में हर कार्यकर्ता बड़ा नेता है। हमें मिलकर पार्टी को और मजबूत बनाना है। खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज गरीबों की आंखों से आंसू पोंछने वाला देश बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया, ‘जनता की चिंता आप करें, आपकी चिंता पार्टी करेगी।’

    उन्होंने पार्टी के पितृ पुरुषों के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि भाजपा ने देश को बचाया, सनातन धर्म की रक्षा की और भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

    सोशल मीडिया तक सिमट गई है कांग्रेस

    अपने संबोधन में खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ सोशल मीडिया तक सिमट कर रह गई है, जबकि भाजपा के कार्यकर्ता बूथ-बूथ जाकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, और ग्वालियर के कार्यकर्ताओं में जो ऊर्जा और जोश है, वही भाजपा को विजय दिलाता है।

    इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पार्टी को और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

    पहाड़िया स्थित कैंसर अस्पताल में देंगे श्रद्धांजलि

    ग्वालियर प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल रात 8 बजे पहाड़िया स्थित कैंसर हॉस्पिटल पहुंचेंगे। वहां वे पूर्व मंत्री शीतला सहाय की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और भजन संध्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे रेल मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts