Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बीजेपी की आज से ‘आशीर्वाद यात्रा’, 4 दिनों की यात्रा में जनता के बीच पहुंचकर आशीर्वाद लेंगे केन्द्रीय मंत्री

सोमवार को केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपीएस बघेल अपनी आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ मां पीतांबरा की नगरी दतिया से करेंगे। उधर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की आशीर्वाद यात्रा 17 अगस्त को देवास से और केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र खटीक की आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त को ग्वालियर से शुरू होगी।
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त केन्द्रीय मंत्रियों की आशीर्वाद यात्राएं आज से शुरू हो रही है। इन यात्राओं के माध्यम से केन्द्रीय मंत्रीगण केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विभिन्न आयोजनों के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे। इसी क्रम में सोमवार को केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपीएस बघेल अपनी आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ मां पीतांबरा की नगरी दतिया से करेंगे। उधर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की आशीर्वाद यात्रा 17 अगस्त को देवास से और केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र खटीक की आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त को ग्वालियर से शुरू होगी। बीजेपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक आज दतिया से शुरू हो रही आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए केन्द्रीय मंत्री एसपीएस बघेल दिल्ली से दतिया पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे माता पीतांबरा के दर्शन करने के पश्चात आशीर्वाद यात्रा शुरू होगी। यहां से वह दोपहर 12:50 बजे गहोई वाटिका में आमसभा, पत्रकारों से चर्चा एवं कार्यकतार्ओं से भेंट करेंगे। इसके बाद आशीर्वाद यात्रा झांसी चुंगी होते हुए बड़ौनी तिराहा सोनागिरि चौराहा, सीतापुर से गोराघाट पहुंचेगी। यहां केन्द्रीय मंत्री श्री बघेल की दतिया जिले में आशीर्वाद यात्रा का समापन होगा। इसी दिन उनकी आशीर्वाद यात्रा ग्वालियर जिले के डबरा में दोपहर 1:30 बजे प्रवेश करेगी। डबरा से होते हुए यात्रा का शाम 4 बजे मालवा कॉलेज तिराहे से ग्वालियर में प्रवेश होगा। इसके बाद शाम 4 बजे से रात्रि 10:45 बजे तक ग्वालियर में आशीर्वाद यात्रा के विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री बघेल देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वार का लोकार्पण, वरिष्ठ कार्यकतार्ओं से चर्चा एवं पत्रकारों से चर्चा करेंगे। रात्रि 10:45 बजे मोर बाजार स्थित झूलेलाल मंदिर पर यात्रा का समापन होगा। अगले दिन आशीर्वाद यात्रा ग्वालियर से मुरैना के लिए प्रस्थान करेगी।

17 अगस्त को देवास से शुरू होगी केंद्रीय मंत्री सिंधिया की यात्रा

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य अपनी आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत देवास से 17 अगस्त को करेंगे। वे इस यात्रा में शामिल होने के लिए प्रात: 9:45 बजे इंदौर पहुंचेंगे। इसके बाद वे देवास जाएंगे। इसी दिन यात्रा शाजापुर पहुंच जाएगी। 18 अगस्त को यात्रा खरगोन जिले में पहुंचेगी जहां रावेरखेड़ी में बाजीराव पेशवा के समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ भाग लेंगे। 19 अगस्त को श्री सिंधिया की आशीर्वाद यात्रा इंदौर पहुंचेगी।

19 अगस्त को ग्वालियर से शुरू होगी केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक की यात्रा

वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक की आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त को ग्वालियर से शुरू होगी। 20 अगस्त को डॉ. खटीक भोपाल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनके इन कार्यक्रमों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी शामिल होंगे। आशीर्वाद यात्रा 21 अगस्त को विदिशा एवं सागर जिलों में पहुंचेगी। 23 अगस्त को जबलपुर और 24 अगस्त को दमोह तथा टीकमगढ़ जिलों में पहुंचेगी।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts