Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बिलासपुर में युवती ने की आत्महत्या की कोशिश, युवक की सतर्कता से बची जान, मानसिक तनाव के चलते रामसेतु-पुल से छलांग लगाने पहुंची थीं

बिलासपुर में युवती ने की आत्महत्या की कोशिश, युवक की सतर्कता से बची जान, मानसिक तनाव के चलते रामसेतु-पुल से छलांग लगाने पहुंची थीं
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बिलासपुर। शनिवार रात बिलासपुर के रामसेतु पुल पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मानसिक तनाव से जूझ रही एक युवती आत्महत्या करने पुल पर पहुंच गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ युवकों की सतर्कता और बहादुरी ने उसकी जान बचा ली। युवती को पुल से कूदने से पहले ही सुरक्षित पकड़ लिया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

    पुल पर अकेले पहुंची थी युवती

    यह घटना शनिवार रात करीब 10 बजकर 25 मिनट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार युवती पुल पर अकेले पहुंची थी और काफी देर तक इधर-उधर भटकने के बाद उसने अचानक कूदने का प्रयास किया। तभी वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसकी हरकतों पर शक कर लिया और सतर्क हो गए। जैसे ही युवती रेलिंग के पास गई, युवकों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद मिक्की मिश्रा नाम के युवक ने तुरंत सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय को इसकी सूचना दी। करीब 15 मिनट में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और युवती को अपने साथ थाने ले गई।

    नर्सिंग नहीं कर पाने से मानसिक तनाव में थी 

    पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती का नाम संगीता बंजारे है, जो जारहागांव क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में तेलीपारा में रहकर प्राइवेट जॉब करती है। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने बताया कि युवती बीएससी नर्सिंग नहीं कर पाने के कारण मानसिक तनाव में थी। इसके अलावा वह अपने माता-पिता से भी नाराज चल रही थी। निराशा और तनाव के कारण उसने आत्महत्या का कदम उठाने की कोशिश की।

    पुलिस ने भेजा सखी सेंटर

    घटना के बाद पुलिस ने युवती को सखी सेंटर भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही उसके परिजनों को बुलाकर समझाइश दी जाएगी और फिर उसे उनके सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में युवाओं को सही मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे कठिन परिस्थितियों में भी आत्मघाती कदम न उठाएं।

    Twitter Post

    सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

    इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवकों ने साहस और त्वरित समझदारी दिखाते हुए युवती की जान बचाई।  

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts