बिग बॉस 20 में काजी तौकीर का धमाल,फनी हरकतों पर बन रहे मीम्स, ‘आई एम अ रॉकस्टार बेबी’ हुआ वायरल

सलमान खान का रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ शुरू होते ही चर्चा में आ गया है। घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच तकरार, बहस और मस्ती का दौर लगातार देखने को मिल रहा है। कोई अपने गेम से लोगों का ध्यान खींच रहा है तो कोई अभी तक घर में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करता नजर आ रहा है। लेकिन इन सबके बीच एक कंटेस्टेंट ऐसा है, जिसने महज तीन दिनों में ही दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बना ली है। ये कंटेस्टेंट कोई और नहीं बल्कि काजी तौकीर हैं। काजी ने अपनी मजेदार बातों, फनी अंदाज और गानों से बिग बॉस के घर में ऐसा रंग जमाया है कि सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब चर्चा हो रही है। आलम ये है कि उनकी छोटी-छोटी क्लिप्स और मजेदार मीम्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
तीन दिन में ही छा गए काजी
सलमान खान का शो 6 सितंबर से कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित हो रहा है। शो को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच समीकरण तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। बिग बॉस के घर में कुल 16 कंटेस्टेंट्स नजर आ रहे हैं। इनमें कुछ पहले से ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं, जबकि कुछ चेहरे ऐसे हैं जिन्हें दर्शक पहली बार करीब से जान रहे हैं। इसी बीच काजी तौकीर ने अपनी मौजूदगी का एहसास सबसे ज्यादा कराया है। काजी का अंदाज बाकी कंटेस्टेंट्स से थोड़ा अलग नजर आ रहा है। वह कभी गाने गाते हैं, कभी अपनी मजेदार बातों से माहौल हल्का कर देते हैं तो कभी अपने एक्सप्रेशन से ही लोगों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं। यही अंदाज अब दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।
पहले हफ्ते में ही बिग बॉस 20 में महाभारत! मैरी कॉम और रीति की तू-तू मैं-मैं, किसका कटेगा पत्ता?
‘आई एम अ रॉकस्टार बेबी’ ने मचाई धूम
काजी तौकीर के बिग बॉस हाउस में आने के बाद से उनका एक डायलॉग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। काजी बार-बार कहते नजर आते हैं- ‘आई एम अ रॉकस्टार बेबी।’ उनका यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड का हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। इंस्टाग्राम रील्स में काजी की छोटी-छोटी क्लिप्स वायरल हो रही हैं। लोग उनके डायलॉग और फनी एक्सप्रेशन पर मीम्स बना रहे हैं। यानी बिग बॉस के घर में अभी तीन दिन ही हुए हैं और काजी पहले ही सोशल मीडिया पर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हो गए हैं।
किसी को ओवरएक्टर लगे काजी
हालांकि घर के अंदर हर कोई काजी के अंदाज से प्रभावित हो, ऐसा नहीं है। कुछ कंटेस्टेंट्स को उनका ज्यादा मजाक करना और लगातार मस्ती के मूड में रहना थोड़ा ओवरएक्टिंग जैसा भी लग रहा है। लेकिन बाहर की जनता का मूड फिलहाल कुछ और ही नजर आ रहा है। दर्शकों को काजी का बिंदास और बेफिक्र अंदाज पसंद आ रहा है। वह घर में किसी भी माहौल को मजेदार बनाने की कोशिश करते नजर आते हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर उन्हें शो के सबसे एंटरटेनिंग कंटेस्टेंट्स में गिना जाने लगा है।
आगे क्या कमाल दिखाएंगे काजी?
बिग बॉस का सफर अभी शुरू ही हुआ है। ऐसे में काजी तौकीर के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वह अपनी एंटरटेनमेंट वाली पहचान के साथ-साथ मजबूत गेम भी दिखा पाते हैं या नहीं। फिलहाल तीन दिनों में उन्होंने दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में काजी सिर्फ अपनी मस्ती से लोगों का मनोरंजन करते हैं या फिर अपने गेम से भी घर के बाकी कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ देते हैं।



















