अमन गांधी की एक चाल और यंग का बिगड़ा खेल! लाइफलाइन छिनते ही दोनों के बीच हुआ जबरदस्त टकराव

बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों रिश्तों के साथ-साथ विवाद भी तेजी से बढ़ रहे हैं। कभी घरवाले एक-दूसरे के करीब आते नजर आते हैं तो कभी छोटी-सी बात पर बहस इतनी बढ़ जाती है कि माहौल गर्म हो जाता है। अब शो के नए प्रोमो में यंग डीएसए उर्फ हर्ष मछारे और अमन गांधी के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला है। अमन ने एक टास्क जीतने के बाद यंग डीएसए की एक लाइफलाइन खत्म कर दी, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
नॉमिनेशन में यंग डीएसए और ईशा रिखी
‘बिग बॉस 20’ में इस बार नॉमिनेशन की प्रक्रिया भी सामान्य तरीके से अलग रही। घर के सदस्यों को उन दो प्रतिभागियों का नाम बताना था, जिन्हें वे नॉमिनेशन से बचाना चाहते हैं। हर सदस्य ने अपनी पसंद के किसी प्रतिभागी को बचाने के लिए वोट किया। इस प्रक्रिया के बाद दो नाम ऐसे रहे, जिन्हें एक भी सेविंग वोट नहीं मिला। इनमें यंग डीएसए और ईशा रिखी शामिल हैं। किसी भी सदस्य का समर्थन नहीं मिलने के कारण दोनों सीधे नॉमिनेशन में पहुंच गए। अब दोनों पर घर से बाहर होने का खतरा बना हुआ है और आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शकों का फैसला किसके पक्ष में जाता है।
‘पहले अपनी शक्ल देख लो…’ कैटरीना की बॉडी शेमिंग पर सलमान का पारा हाई, ट्रोलर्स को सुनाई खरी-खोटी
राशन टास्क में मिली खास पावर
नॉमिनेशन के बाद बिग बॉस ने घरवालों के सामने एक नया टास्क रखा। यह टास्क घर के राशन और उससे जुड़े मौके पर आधारित था। टास्क में सदस्यों को तेजी से ‘रूम नंबर 20’ तक पहुंचना था। जो सदस्य सबसे पहले वहां पहुंचता, उसे आगे एक खास फैसला लेने का अधिकार मिलने वाला था। इस मुकाबले में अमन गांधी ने बाजी मार ली। अमन सबसे पहले रूम नंबर 20 तक पहुंचे और टास्क जीतकर उन्हें एक खास पावर मिल गई।
अमन ने यंग डीएसए की लाइफलाइन छीनी
टास्क जीतने के बाद अमन गांधी को घर के किसी एक सदस्य की लाइफलाइन खत्म करने का अधिकार दिया गया। अमन ने इस पावर का इस्तेमाल यंग डीएसए के खिलाफ किया। उन्होंने यंग की एक लाइफलाइन छीन ली। इस फैसले के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। यंग को अमन का यह फैसला पसंद नहीं आया और उन्होंने खुलकर नाराजगी जाहिर की। प्रोमो में दोनों के बीच तीखी बहस साफ दिखाई दे रही है। दोनों एक-दूसरे से सवाल करते और गुस्से में जवाब देते नजर आते हैं।
यंग का फूटा गुस्सा
लाइफलाइन छिनने के बाद यंग डीएसए का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दिया। रैपर ने अमन गांधी के फैसले पर नाराजगी जताई और दोनों के बीच जमकर बहस हुई। प्रोमो में माहौल इतना गर्म नजर आ रहा है कि ऐसा लगता है कि दोनों के बीच पुरानी नाराजगी भी इस टकराव के दौरान बाहर आ गई। हालांकि, पूरी बहस की असली वजह और दोनों के बीच क्या-क्या बातचीत हुई, इसका पता शो के पूरे एपिसोड के बाद ही चलेगा।
गुल्लू के इशारे पर बदली यंग की गेम?
प्रोमो में एक और बात लोगों का ध्यान खींच रही है। इसमें संकेत मिलता है कि यंग डीएसए की पावर कम करने के फैसले के पीछे गुल्लू का इशारा भी हो सकता है। यानी टास्क के दौरान सिर्फ अमन और यंग के बीच ही मुकाबला नहीं था, बल्कि घर के दूसरे सदस्यों की रणनीति भी इस खेल का हिस्सा नजर आ रही है। बिग बॉस के घर में अक्सर एक सदस्य का फैसला दूसरे सदस्य की पूरी गेम बदल देता है। यंग की लाइफलाइन खत्म होने के बाद अब उनकी रणनीति पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले एपिसोड में देखने को मिलेगा।
सलमान खान के रियलिटी शो से पहली विदाई! कम नजर आना इस कंटेस्टेंट को पड़ा भारी?
क्या बढ़ेगा अमन और यंग का विवाद?
बिग बॉस के घर में नॉमिनेशन और पावर से जुड़े फैसले अक्सर रिश्तों में तनाव पैदा कर देते हैं। अमन के फैसले के बाद यंग डीएसए और उनके बीच जिस तरह की बहस देखने को मिली है, उससे दोनों के रिश्ते में आगे भी खटास बढ़ने की संभावना नजर आ रही है। अब सवाल यह है कि क्या यंग इस फैसले को भूलकर आगे बढ़ेंगे या फिर अमन के खिलाफ अपनी रणनीति तैयार करेंगे? इसका जवाब आने वाले एपिसोड में मिलेगा।



















