Bigg Boss 20: आसिफ खान के एविक्शन से टूटे ScoutOP और Yung DSA, घर में बिखरने लगी दोस्तों की टोली

सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 20 में इन दिनों रिश्तों और दोस्ती के समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। घर में हर दिन नए विवाद और भावनात्मक पल देखने को मिल रहे हैं। एपिसोड 58 में आसिफ खान के एविक्शन ने ScoutOP और Yung DSA को बुरी तरह भावुक कर दिया। दोनों अपने दोस्त को खोने के गम में रोते नजर आए। वहीं, दूसरी तरफ घर के अंदर उनकी दोस्ती के ग्रुप में भी दरारें बढ़ती दिखाई दीं। आम्रपाली दुबे, लव गिल, ScoutOP और Yung DSA के बीच बातचीत और आपसी नाराजगी ने घर का माहौल और तनावपूर्ण बना दिया। इसके अलावा नॉमिनेशन टास्क को लेकर भी घरवालों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
फूट-फूटकर रोए ScoutOP और Yung DSA
एपिसोड की शुरुआत काफी भावुक माहौल में हुई। आसिफ खान के घर से बाहर होने के बाद ScoutOP और Yung DSA खुद को संभाल नहीं पाए। दोनों एक-दूसरे के गले लगकर रोते नजर आए। आसिफ के जाने से उन्हें ऐसा लगा जैसे घर के अंदर उनका एक मजबूत साथी छूट गया हो। दोनों को इस हालत में देखकर आम्रपाली दुबे और लव गिल उन्हें समझाने पहुंचीं। आम्रपाली ने यंग के साथ समय बिताया, जो जिम एरिया में अरिश्फा के साथ बैठे थे। वहीं, उन्होंने लव से कहा कि वह स्मोकिंग रूम में मौजूद ScoutOP को संभालें। इस दौरान घर में दोस्ती और भावनाओं का एक अलग ही रंग देखने को मिला। आसिफ के जाने के बाद दोनों की उदासी साफ नजर आ रही थी।
Bigg Boss 20: सलमान खान के शो से बाहर हुए 'पंचायत' के दामाद जी आसिफ खान, कम वोट मिलने से सफर खत्म
ScoutOP ने लव गिल से क्यों मांगी माफी?
आसिफ के एविक्शन के बाद ScoutOP ने लव गिल से बातचीत करते हुए अपने दिल की बात कही। उन्होंने कहा कि शायद उन्हें आसिफ की जगह घर से बाहर जाना चाहिए था। ScoutOP को लग रहा था कि उनकी वजह से आसपास के लोग परेशान हो रहे हैं और वह दूसरों को दुख पहुंचा रहे हैं। उन्होंने लव से माफी भी मांगी। हालांकि, लव ने उन्हें समझाने की कोशिश की और माहौल को हल्का करने के लिए मजाकिया अंदाज अपनाया। लव ने Scout से कहा कि वह उनके लिए कोई अच्छा रिश्ता ढूंढें। उन्होंने यह भी साफ किया कि काश्वी हिरानंदानी के साथ उनकी अपनी कैसी भी इक्वेशन हो, लेकिन वह उनके लिए रिश्ता तलाशने की बात से पीछे नहीं हटेंगी।
क्या टूटने लगी है आम्रपाली, यंग, Scout और लव की दोस्ती?
आसिफ के जाने के बाद अगले दिन घर में रिश्तों का समीकरण कुछ बदला हुआ नजर आया। आम्रपाली दुबे, Yung DSA, ScoutOP और लव गिल के बीच पहले जैसी एकजुटता दिखाई नहीं दी। सुबह लव गिल ट्रेडमिल पर एक्सरसाइज करते हुए माही विज से बातचीत कर रही थीं। इस बातचीत को लेकर यंग खुश नजर नहीं आए। उन्हें लगा कि घर में माही से बात करने को लेकर पहले भी सवाल उठाए गए हैं, लेकिन अब लव खुद उनसे बातचीत कर रही हैं। यंग ने आम्रपाली से लव के व्यवहार को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें लव का व्यवहार परेशान करने वाला लग रहा है। इसी बातचीत में यंग ने अपने ग्रुप को लेकर एक दिलचस्प बात कही। उनके मुताबिक, अब उनका ग्रुप पहले जैसा नहीं रह गया है। उन्होंने इसकी तुलना एक चलती ट्रेन से की, जिसमें कोई भी अपनी मर्जी से चढ़ सकता है और अपनी पसंद के स्टेशन पर उतर सकता है।
ScoutOP ने आम्रपाली पर लगाया पक्षपात का आरोप
घर में बढ़ती दूरी के बीच ScoutOP ने भी लव गिल से अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि आम्रपाली दुबे, यंग DSA को ज्यादा पसंद करती हैं और उनका पक्ष लेती हैं। Scout के मुताबिक, आम्रपाली का झुकाव यंग की तरफ ज्यादा है, जबकि वह और लव इस वजह से खुद को अलग महसूस करते हैं। खास बात यह रही कि Scout ने यह बात यंग और आम्रपाली की गैरमौजूदगी में लव से कही। इससे घर के अंदर चल रही आपसी खींचतान का एक और पहलू सामने आया। अब सवाल यह है कि क्या यह दोस्ती आगे भी बनी रहेगी या फिर छोटे-छोटे विवाद इस ग्रुप को पूरी तरह अलग कर देंगे?
घरवालों ने निकाला एविक्शन का अजीब पैटर्न
बिग बॉस के घर में सिर्फ दोस्ती और झगड़ों की चर्चा नहीं हुई, बल्कि एविक्शन को लेकर भी एक मजेदार बातचीत देखने को मिली। माही विज, काजी तौकीर और उदिति सिंह ने घर से बाहर होने वाले कंटेस्टेंट्स के एक पैटर्न पर चर्चा की। उनके मुताबिक, जो भी कंटेस्टेंट्स कनिका मान और गुल्लू के साथ समय बिताते थे, वे बाद में शो से बाहर हो जाते थे। इस बात को लेकर उन्होंने मजाक में सवाल उठाया कि कहीं यह जोड़ी एविक्शन के लिए मनहूस तो नहीं बन गई है। काजी तौकीर ने इस पैटर्न को कनिका और गुल्लू के सामने भी मजाकिया अंदाज में रखा। उन्होंने ईशा रिखी, ऋति तिवारी, मैरी कॉम और अब आसिफ खान के नाम गिनाए, जो उनके मुताबिक एविक्शन से पहले इस जोड़ी के साथ बैठे थे। काजी ने मजाक में कहा कि वह दोनों के बीच तब तक बैठेंगे, जब तक उनका कटोरा खत्म नहीं हो जाता, और फिर वहां से चले जाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि वह इस तरह की अंधविश्वास वाली बातों पर भरोसा नहीं करते।
कनिका मान के सामने Yung DSA ने खोले अपने काम के राज
एपिसोड में एक और दिलचस्प बातचीत देखने को मिली, जब कनिका मान ने Yung DSA से उनके घर के बाहर के काम और कमाई के बारे में पूछा। यंग ने बताया कि म्यूजिक ही उनकी कमाई का एकमात्र जरिया नहीं है। वह इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूशन का काम भी करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका यह काम म्यूजिक से जुड़ा हुआ नहीं है। इस बातचीत से घरवालों को यंग की जिंदगी और उनके काम के बारे में कुछ नई बातें जानने को मिलीं।



















