भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल इन दिनों युवा उद्यमियों और पेशेवरों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रही है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की युवा इकाई ‘यंग इंडियंस’ के भोपाल चैप्टर द्वारा तीन दिवसीय वेस्टर्न रीजन काउंसिल मीटिंग 2026 के आयोजन की शुरुआत आज दोपहर 2 बजे भोपाल की प्रसिद्ध छोटी झील (लोअर लेक) पर किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से आए युवा उद्यमी, स्टार्टअप लीडर्स और प्रोफेशनल्स भाग लेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा सहित कुल पांच राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। अलग-अलग शहरों से आए लगभग 200 से अधिक युवा उद्यमी इस मंच पर अपने अनुभव साझा करेंगे और नए विचारों पर चर्चा करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
सम्मेलन में लगभग 15 शहरों से आए युवा उद्यमियों और पेशेवरों की भागीदारी रहेगी। इसमें उद्योग, व्यापार और स्टार्टअप से जुड़े कई युवा चेहरे शामिल होंगे, जो अपने-अपने क्षेत्रों में नई पहचान बना रहे हैं। इस कार्यक्रम में सीआईआई भोपाल की चेयर कुहू शर्मा, दौलतराम इंजीनियरिंग से जुड़े सीपी शर्मा, उद्योग जगत से अरुण राठौर और अनुज अग्रवाल सहित कई प्रमुख उद्यमी भी भाग लेने वाले हैं। इन अनुभवी उद्यमियों के साथ युवा प्रतिभागियों को नेटवर्किंग और सीखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन केवल चर्चा का मंच नहीं है, बल्कि यहां पर युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम की शुरुआत 13 मार्च को दोपहर 2 बजे भोपाल की प्रसिद्ध छोटी झील पर होगी। उद्घाटन गतिविधि के रूप में प्रतिभागियों के बीच रोमांचक चप्पू रेस यानी बोट रेस आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का शुभारंभ प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग करेंगे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभागियों में टीमवर्क और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही बाहरी राज्यों से आए युवा उद्यमियों को भोपाल की प्राकृतिक सुंदरता और झीलों की संस्कृति से भी परिचित कराया जाएगा।
सम्मेलन का मुख्य सत्र 14 मार्च को सुबह 9 बजे शहर के प्रतिष्ठित होटल ताज में आयोजित किया जाएगा। इस सत्र का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान युवा उद्यमिता, उद्योग विकास और राज्य में निवेश के अवसरों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित उद्योग समूहों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इनमें गिरनार टी, कायम चूर्ण, हाथी मसाला और कोहिनूर इलास्टिक्स जैसी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। ये उद्योग जगत के लोग युवा उद्यमियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे और व्यवसाय में सफलता के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।
सम्मेलन के दौरान कई सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें उद्यमिता, स्टार्टअप इकोसिस्टम, नेतृत्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा होगी। यंग इंडियंस (Yi) का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रखना बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना भी है। इसी उद्देश्य के तहत इस मंच पर ऐसे विचारों और योजनाओं पर चर्चा की जाएगी, जिनसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
सम्मेलन के अंतिम दिन 15 मार्च को प्रतिभागियों के लिए वन विहार नेशनल पार्क का भ्रमण भी रखा गया है। इस दौरान युवा उद्यमियों को भोपाल की जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इस गतिविधि का उद्देश्य प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराना है। आयोजकों का मानना है कि व्यवसाय के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है।
यह तीन दिवसीय कार्यक्रम युवा उद्यमियों के लिए सीखने, नेटवर्किंग और नए विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभागी यहां न केवल अपने अनुभव साझा करेंगे बल्कि भविष्य में साथ मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे। भोपाल में आयोजित यह सम्मेलन युवा नेतृत्व और उद्यमिता को नई दिशा देने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।