इंदौर में मौत बनकर दौड़ी चार्टर्ड बस! ढाबे की दीवार तोड़ किचन में घुसी, ड्राइवर गंभीर

इंदौर। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धार से इंदौर आ रही चार्टर्ड बस धार रोड पर पेट्रोल पंप के पास अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे स्थित शेरे पंजाब ढाबे की दीवार तोड़ते हुए सीधे किचन में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ढाबे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं। गनीमत रही कि हादसे के समय ढाबा बंद था, हालांकि अंदर दो से तीन कर्मचारी सो रहे थे।
ये भी पढ़ें: इंदौर में पुलिस को चकमा! चलती सरकारी वैन से कूदकर दो आरोपी फरार,एमजी रोड थाने में FIR
पेट्रोल पंप के पास बिगड़ा बस का संतुलन
चंदन नगर पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। धार की ओर से आ रही चार्टर्ड बस धार रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे बने शेरे पंजाब ढाबे की दीवार को तोड़ते हुए किचन के अंदर जा घुसी।अचानक हुए इस हादसे से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बस के ढाबे में घुसने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बस अनियंत्रित किन परिस्थितियों में हुई।
ये भी पढ़ें: इंदौर का करोड़पति पुलिस ड्राइवर फिरोज खान निलंबित:35 करोड़ से अधिक का मालिक ,सैलरी से 568% ज्यादा प्रॉपर्टी
बस में मची चीख-पुकार, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
बस के ढाबे में घुसते ही उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।बस में सवार कुछ अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद यात्री दूसरे वाहनों से अपने घरों के लिए रवाना हो गए। घटना के कारण कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
ये भी पढ़ें: कनाडा के सैन्य अड्डे पर भीषण आग, कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर, जांच जारी
बंद ढाबे ने टाला बड़ा हादसा
जिस शेरे पंजाब ढाबे में बस घुसी, वहां आमतौर पर दिन और रात में काफी भीड़ रहती है। हादसे के समय ढाबा बंद था, लेकिन अंदर दो से तीन कर्मचारी सो रहे थे। बस के टकराने की तेज आवाज सुनकर कर्मचारी बाहर आए।अगर उस समय ढाबे में ग्राहकों की भीड़ होती, तो हादसे में नुकसान और गंभीर हो सकता था। फिलहाल, कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: महिलाओं ने ह्यूमन रंगोली से उकेरी मुखी की तस्वीर, सीएम मोहन यादव ने की सराहना
ड्राइवर और कंडक्टर के बयान के बाद स्पष्ट होंगे कारण
चंदन नगर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल बस चालक और कंडक्टर के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। पुलिस के अनुसार, उनके बयान और घटनास्थल की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बस का संतुलन किन परिस्थितियों में बिगड़ा और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी।धार रोड पर हुए इस हादसे में बस का ढाबे की दीवार तोड़कर किचन में घुसना सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब पुलिस की जांच में हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने का इंतजार है।




















