हरदा में नौ देवियों के पूजन से भक्तिमय हुआ स्कूल परिसर, गरबा और कन्याभोज ने मोहा मन
हरदा। नवरात्रि के पावन अवसर पर पिनेकल एकेडमी के नवीन परिसर में शनिवार सुबह धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत नवदुर्गा पूजन से हुई। इसके बाद सामूहिक गरबा नृत्य और कन्याभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देवी के नौ रूपों की सजीव झांकी विशेष आकर्षण रही। अतिथियों और विद्यालय के संचालक अब्दुल सईद खान व सुल्ताना खान ने नौ देवियों के चरण पखारे, पूजा-अर्चना की और चुनरी अर्पित की। भव्य आरती और माता रानी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
नौ देवियों की झांकी ने मोहा मन
पूजन के दौरान देवी के नौ रूपों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से आरती में हिस्सा लिया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष योगमाया शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी रेखा अनिल पटेल, वार्ड 11 की पार्षद अंजना संदीप पाराशर, सर्व ब्राह्मण समाज महिला इकाई की सचिव अदिति गुरु और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला संयोजक लिषिका काले मौजूद रहीं।
संस्कृति और संस्कारों पर दिया जोर
मुख्य अतिथि योगमाया शर्मा ने कहा कि स्कूलों में भारतीय संस्कृति और सभ्यता से जुड़े कार्यक्रम विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार देते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चे अपनी परंपराओं को समझते हैं और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख लेते हैं। वरिष्ठ समाजसेवी रेखा पटेल ने शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों को मिलने वाले सही मार्गदर्शन को राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी बताया।
गरबा नृत्य और कन्याभोज का आयोजन
एबीवीपी की जिला संयोजक लिषिका काले ने विद्यार्थियों के हितों के लिए काम करने की बात कही। पार्षद अंजना पाराशर और अदिति गुरु ने भी आयोजन की सराहना की। पूजन के बाद अतिथियों ने कन्याओं को सामग्री भेंट की। इसके बाद सामूहिक गरबा नृत्य हुआ, जिसका अतिथियों ने आनंद लिया। आसपास के क्षेत्र और विद्यालय की कन्याओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
अतिथियों का स्वागत, प्राचार्य ने जताया आभार
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन जान्हवी तोमर ने दिया। संचालन सोहा खान ने किया, जबकि अंत में प्राचार्य प्रियंका तोमर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
EDIT BY: ADITI RAWAT























