भोपाल मेट्रो बनी चलती-फिरती क्लासरूम:'क्लैट ऑन व्हील्स' में विद्यार्थियों ने सफर के साथ सीखी सफलता की राह

भोपाल मेट्रो में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और करियर मार्गदर्शन का अनोखा आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) की 'सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स' पहल के तहत आयोजित 'क्लैट ऑन व्हील्स' कार्यक्रम में मेट्रो का सफर सीखने और प्रेरणा से भर गया। कार्यक्रम सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से एम्स मेट्रो स्टेशन के बीच चलती मेट्रो में आयोजित किया गया जहां विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा से अलग एक नया अनुभव मिला।
दो कोच रहे आरक्षित, 100 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
इस विशेष कार्यक्रम के लिए मेट्रो के दो कोच करीब दो घंटे के लिए आरक्षित किए गए थे। इसमें लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
क्विज प्रतियोगिता में दिखाया सामान्य ज्ञान का दम
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने ज्ञान व प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
करियर, व्यक्तित्व विकास और लक्ष्य निर्धारण पर मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम केवल क्विज तक सीमित नहीं रहा। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर विकल्प, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की संभावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। संवादात्मक सत्र में छात्रों ने खुलकर अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से करियर से जुड़े कई अहम विषयों पर सलाह ली।
ये भी पढ़ें: 'तुम जैसे हजारों पति रख सकती हूं'... पत्नी के ताने पर हुई हत्या में हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा 7 साल में बदली
चलती मेट्रो में मिला अलग सीखने का अनुभव
'CLAT on Wheels' कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ एक नया और प्रेरणादायक माहौल देना था। चलती मेट्रो में आयोजित इस अनोखे आयोजन ने यात्रा को ज्ञान, संवाद और प्रतियोगिता के साथ यादगार बना दिया। MPMRCL का मानना है कि ऐसे नवाचार विद्यार्थियों को सीखने के नए अवसर देने के साथ-साथ मेट्रो को समाज से जोड़ने का भी बेहतर माध्यम बन रहे हैं।











