भोपाल में महिला कांग्रेस का ‘धक्का मार्च’:पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में स्कूटी को धक्का देकर किया प्रदर्शन

भोपाल में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में शनिवार को महिला कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्कूटी को धक्का देते हुए ‘धक्का मार्च’ निकाला। यह प्रदर्शन न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप तक किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ईंधन कीमतों में राहत देने की मांग उठाई।
स्कूटी को धक्का देकर जताया विरोध
महिला कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूटी को बिना स्टार्ट किए धक्का देते हुए पेट्रोल पंप तक पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान प्रतीकात्मक रूप से पेट्रोल भी भरवाया गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। हालांकि प्रदर्शन खत्म होने के बाद कई कार्यकर्ता चार पहिया वाहनों में बैठकर वापस रवाना होती नजर आईं।

रीना बोरासी बोलीं- महंगाई की मार हर घर पर
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि पूरे देश की आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से घर का बजट बिगड़ता है और इसका असर रसोई से लेकर सब्जियों तक हर चीज पर दिखाई देता है।
ये भी पढ़ें: 10 लाख घर, MP नंबर-1! PM आवास योजना में मध्यप्रदेश बना अग्रणी राज्य, CM डॉ. मोहन यादव बोले- यह ऐतिहासिक उपलब्धि
संकट में सरकार जनता को याद करती है
रीना बोरासी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी कोई संकट आता है तब सरकार जनता से सहयोग मांगती है लेकिन महंगाई कम करने के लिए ठोस कदम नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब सड़क पर उतरकर अपनी आवाज उठा रही हैं।
ये भी पढ़ें: Bhopal: ईंधन महंगाई पर ट्रांसपोर्ट सेक्टर की CM मोहन यादव से बड़ी मांग, पेट्रोल-डीजल टैक्स घटाने की अपील तेज
चुनाव खत्म होते ही बढ़े दाम
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता रोशनी यादव ने कहा कि पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच चुका है और डीजल की बढ़ती कीमतों ने मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। उनका कहना था कि ईंधन महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ रहा है जिसका असर सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए जबकि चुनाव के दौरान जनता से राहत देने के वादे किए गए थे।












