मध्य प्रदेश में बारिश का कहर! भोपाल में 7 इंच बारिश, स्कूल बंद, MP के कई जिलों में रेड अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह तक 24 घंटे के दौरान 175.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर की 50 से ज्यादा कॉलोनियों में पानी भर गया और कई सड़कें जलमग्न हो गईं। विदिशा, सीहोर, राजगढ़, रायसेन और मंडला में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। राजगढ़ में तेज बहाव के बीच एक वैन नाले में बह गई, जिसमें सवार एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भोपाल में सात इंच बारिश
राजधानी भोपाल में बारिश ने इस सीजन में अब तक का सबसे बड़ा असर दिखाया है। 24 घंटे में करीब सात इंच पानी गिरने से निचले इलाकों में जलभराव हो गया। ईंटखेड़ी समेत कई क्षेत्रों में घरों और सड़कों पर पानी पहुंच गया। लगातार बारिश के कारण मंगलवार को भोपाल के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। भोपाल में 1 जून से अब तक 748.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: PU Special : कचरा प्रसंस्करण में मध्यप्रदेश की बड़ी उपलब्धि, 99.72% तक पहुंचा आंकड़ा; देश के औसत से काफी आगे
राजगढ़ में हादसा
राजगढ़ जिले में सोमवार को बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ। झिरी नाले में तेज पानी के बहाव के कारण एक ईको वैन बह गई। हादसे में तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। तेज बारिश के बीच नदियों और नालों के आसपास जाने से लोगों को लगातार बचने की सलाह दी जा रही है।
विदिशा और सीहोर में भी रेस्क्यू ऑपरेशन
विदिशा में बाढ़ के पानी के बीच 17 लोग फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए बचाव दल को काम करना पड़ा। पथरिया गांव में चार लोगों और सात मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सीहोर में भी भीलाखेड़ी नदी के पास एक घर में 10 लोग पानी से घिर गए थे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कई रास्तों पर आवाजाही बंद
रायसेन में तेज बारिश के कारण नदी और नालों का पानी बढ़ गया है। सांची रोड के पास छोटे पुलों पर पानी पहुंच गया। बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में परेशानी बढ़ी है। राजगढ़ के ब्यावरा में रेलवे अंडरपास में पानी भरने से करीब 25 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को नीमच, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, उज्जैन, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, जबलपुर, मंडला, सागर और आसपास के कई जिलों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
12 अगस्त के आसपास फिर बन सकता है लो प्रेशर
प्रदेश में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास एक नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके चलते अगले कुछ दिन मध्य प्रदेश के लिए अहम रह सकते हैं और कई हिस्सों में फिर तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: PU Special : भोपाल में बच्चों के इंतजार में रखा रहा बुजुर्ग का शव, इंदौर से आने में बहाना बनाते रहे बच्चे
भोपाल की बड़ी झील का जलस्तर भी बढ़ा
भारी बारिश का असर भोपाल की अपर लेक पर भी दिखाई दिया। सोमवार शाम तक झील का जलस्तर करीब डेढ़ फीट बढ़कर 1661.5 फीट पहुंच गया। लगातार पानी आने से शहर में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।











