भोपाल:अतिक्रमण पर प्रशासन का एक्शन, बारिश के बीच अब्बास नगर में चला बुलडोजर

भोपाल के अब्बास नगर इलाके में शनिवार को प्रशासन ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रशासनिक अमला मैदान में डटा रहा। नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को हटाया गया।
बारिश में मौके पर पहुंचे एसडीएम
कार्रवाई की निगरानी करने के लिए बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) के एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम और पुलिस टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। प्रशासन का कहना है कि अब्बास नगर में सड़क के दोनों ओर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी।
सड़क और सरकारी जमीन से हटाए गए अवैध कब्जे
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। प्रशासन के मुताबिक अतिक्रमण की वजह से आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: NH-19 पर रफ्तार का कहर : काम से लौट रहे दो दोस्तों को कंटेनर ने कुचला, दोनों की दर्दनाक मौत
नए एसडीएम ने संभाला है हाल ही में पदभार
गौरतलब है कि एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव ने दो दिन पहले ही बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) में पदभार ग्रहण किया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र में अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने बताया कि पूरे अनुभाग में ऐसे स्थानों की सूची तैयार की जा रही है, जहां अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक प्रभावित होता है या आम लोगों को परेशानी होती है।
स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील
एसडीएम श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों को पहले स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जा रहा है। यदि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों और सरकारी जमीनों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सतना: फैक्ट्रीकर्मी से मारपीट और लूट, दो नाबालिग समेत पांच आरोपी गिरफ्तार; लूटा का सामान बरामद
न्यू मार्केट और 10 नंबर मार्केट में भी कार्रवाई
अब्बास नगर के अलावा नगर निगम के अमले ने शनिवार को शहर के अन्य प्रमुख इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट समेत कई क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।












