Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खेत में चल रहे जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस की दबिश,15 जुआरी गिरफ्तार; ₹90,500 नकद जब्त

बैतूल के झाड़ेगांव में खेत के भीतर बने कमरे में चल रहे जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर 15 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 90,500 रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई।
15 जुआरी गिरफ्तार; ₹90,500 नकद जब्त
झाड़ेगांव में खेत के भीतर बने एक कमरे में संचालित हो रहे जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस ने 15 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल शहर से लगे ग्राम झाड़ेगांव में खेत के भीतर बने एक कमरे में संचालित हो रहे जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 90 हजार 500 रुपए नकद और ताश की एक गड्डी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, झाड़ेगांव में बंटी करोचे के खेत स्थित कमरे में लंबे समय से बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पूरी कार्रवाई गोपनीय तरीके से अंजाम देने की रणनीति बनाई।

निजी वाहनों से पहुंची टीम, खेतों के रास्ते की घेराबंदी

कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखने के लिए पुलिस टीम सरकारी वाहनों की जगह निजी गाड़ियों से गांव के आसपास पहुंची। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन पहले ही रोक दिए और पैदल खेतों के रास्ते मौके तक पहुंचे। टीम ने कमरे को चारों ओर से घेर लिया, जिससे किसी भी आरोपी को भागने का मौका नहीं मिल सका। अचानक पुलिस को सामने देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने सभी 15 आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 90,500 रुपए नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की गई।

एसपी के निर्देश पर चल रहा है विशेष अभियान

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में किया गया। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया ने किया।

Breaking News

जुआ और सट्टे की सूचना देने की अपील

पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Edited By- Sona Rajput

Devesh Dubey
By Devesh Dubey

Latest Posts