बैतूल :कुंभकरण के भेष में नगर परिषद को जगाने पहुंची कांग्रेस, भ्रष्टाचार और बदहाली पर घेरा

बैतूल। भैंसदेही नगर की विभिन्न समस्याओं और नगर परिषद की कार्यप्रणाली के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय के सामने अनोखे अंदाज में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता को कुंभकरण का रूप दिया गया, जो नगर परिषद कार्यालय के सामने प्रतीकात्मक रूप से सोता रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे नगर परिषद की कुंभकरणी नींद बताते हुए जमकर नारेबाजी की और जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पंकज सिंह चौहान और रानू ठाकुर ने किया। प्रदर्शन के दौरान कुंभकरण के वेश में एक कार्यकर्ता नगर परिषद कार्यालय के सामने सोने का अभिनय करता रहा, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर नगर परिषद को जनता की समस्याओं के प्रति जागने का संदेश देते रहे। इस अनूठे प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रामू टेकाम ने साधा नगर परिषद पर निशाना
आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम ने कहा कि जिस तरह पौराणिक कथाओं में कुंभकरण गहरी नींद में सोया रहता था, उसी तरह भैंसदेही नगर परिषद भी जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह बेखबर है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरवासियों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा, पाइपलाइन बिछाने के नाम पर पूरे नगर की सड़कें खोद दी गई हैं लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश के कारण जगह-जगह कीचड़ फैल गया है, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: Big Breaking : भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया
भ्रष्टाचार और भेदभाव के लगाए आरोप
रामू टेकाम ने कहा कि नगर परिषद में लगातार भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं, सफाई व्यवस्था बदहाल है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल गरीबों तक सीमित है, जबकि प्रभावशाली लोगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण हटाना है तो बिना भेदभाव सभी के विरुद्ध समान कार्रवाई की जाए और प्रभावशाली लोगों को संरक्षण देना बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का दायित्व आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन वर्तमान में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान हैं।
ज्ञापन में उठाईं नौ प्रमुख मांगें
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम मुख्य नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्राप्त करीब 95 से 100 हितग्राहियों को अब तक पट्टे नहीं मिलने और इसके कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत, शनिवार बाजार में पार्किंग व्यवस्था किए बिना वाहनों से कथित अवैध वसूली बंद करने, शिव मंदिर तालाब और सिटी ग्राउंड के पास पार्किंग विकसित करने, पेयजल पाइपलाइन के वाल्व चैंबर पर ढक्कन लगाने, नगर की पानी की टंकियों की नियमित सफाई कराने, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को चालू करने, सड़कों पर निकले घरेलू पानी के पाइप हटाने, गरीब और प्रभावशाली लोगों के विरुद्ध अतिक्रमण कार्रवाई में समानता बरतने, नगर परिषद में कथित नियमविरुद्ध नियुक्तियों एवं भ्रष्टाचार की जांच कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 35 हितग्राहियों को लंबित दूसरी किस्त शीघ्र जारी करने की मांग की गई।
समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और जनता की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नगरवासियों की समस्याओं के तत्काल निराकरण और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।












